भोपाल अपनी ऐतिहासिक रियासत और नवाबी दौर के लिए पूरे देश में अलग पहचान रखता है। यहां लंबे समय तक नवाबीकाल का शासन रहा है। यही वजह है कि आज भी उस दौर की कई महत्वपूर्ण चीजों को शहर के लोगों ने सहेज कर रखा है।
इन प्रमुख चीजों को शुक्रवार को माय ओन कलेक्शन एग्जीबिशन में रीजनल साइंस सेंटर में एग्जीबिट किया गया। इसमें पुराने सिक्के, बर्तन, मैच बॉक्स, डाक टिकट, पत्थर सहित कई महत्वपूर्ण चीजें प्रदर्शित की गई है। इतिहासविद नारायण व्यास ने पुराने काल से लेकर वर्तमान विकास के महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रदर्शित किए। इसमें नुकीले पत्थर, तीर, भाला, कुल्हाड़ी, आदि शामिल हंै।
71 वर्षीय मो. शमीम हाशमी द्वारा लगभग सात साल की उम्र से कलेक्ट किए गए सिक्के डिस्प्ले किए गए हंै। इसमें कुल 800 सिक्के डिस्प्ले हैं। शमीम ने बताया कि इस कलेक्शन को अब परिवार की चौथी पीढ़ी सहेज रही है।
एग्जीबिशन में यह खास
एक दिवसीय एग्जीबिशन में मन्नान अहमद भोपाल रियासत के कई प्रमुख बर्तन, पानदान आदि लेकर आए। एग्जीबिशन में 150 साल पुराना पानदान एग्जीबिट किया गया। अहमद ने बताया कि यह पानदान हमारे दादा के समय का है। इसके साथ ही 110 साल पुराना फोल्डिंग गिलास एग्जीबिट किया गया। 500 ग्राम का तांबा धातु से निर्मित इस गिलास में स्प्रिंग है जिसकी मदद से पानी पीने के बाद इसे फोल्ड कर जेब में रखा जा सकता है।