घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, धक्का-मुक्की
भोपाल| बागसेवनिया इलाके में एक अधेड़ महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और धक्का-मुक्की करने का मामला सामने आया है। आरोपी और महिला की बेटी ने इंजीनियरिंग साथ की है। आरोपी उसकी बेटी का नया पता और मोबाइल नंबर लेने घर पहुंचा था। तभी उसने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 54 वर्षीय महिला की बेटी और रेल कोच फैक्टरी निवासी तरुण गौर ने साथ में इंजीनियरिंग की है। इस दौरान उनकी दोस्ती हो गई। आगे की पढ़ाई और नौकरी करने के लिए उनकी बेटी दूसरे शहर चली गई। इस दौरान आरोपी ने उसे अश्लील मैसेज और वीडियो भेजना शुरू कर दिया। इससे तंग आकर उसने मोबाइल नंबर बदल लिया। मंगलवार दोपहर तरुण महिला के घर पहुंचा। उसने बेटी का नया पता और मोबाइल नंबर मांगा। मां ने मना कर दिया। इस आरोपी ने उनके साथ छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।