विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने सभी विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों को अपने कैंपस में प्लास्टिक कप, लंच पैकेट, स्ट्रॉ, बोतलों और बैगों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने आदेश जारी करते हुए कहा कि भारत इस साल विश्व पर्यावरण दिवस समारोह का वैश्विक मेजबान है और इस साल की थीम बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन है। इसके बाद आयोग ने यह निर्देश दिए हैं। विश्व पर्यावरण दिवस समारोह संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में पर्यावरण पर सबसे बड़ा समारोह है। यूजीसी ने सभी कुलपतियों को भेजे पत्र में कहा कि प्लास्टिक के कॉफी कप, उपयोग के बाद फेंकने वाले प्लास्टिक, प्लेटो, पॉलीस्ट्रीन फोम में बने डिब्बों और प्लास्टिक की स्ट्रॉ पर प्रतिबंध लगाएं। एक बार इस्तेमाल करने योग्य प्लास्टिक की बोतलों पर रोक लगाएं और इसके बजाय फिर से उपयोग की जा सकने वाली बोतलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दें।