पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • उपभोक्ता को बिल से पहले पता चलेगी कितनी खर्च हुई बिजली

उपभोक्ता को बिल से पहले पता चलेगी कितनी खर्च हुई बिजली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अब बिजली उपभोक्ता को मीटर रीडिंग की जानकारी बिल जारी होने के पहले ही मिलेगी। बिजली कंपनी रीडिंग लेने के बाद दो दिन में यूनिट की सूचना उपभोक्ता को एसएमएस से भेजेगी। इस नई व्यवस्था से उपभोक्ता बिल संबंधी शिकायत को बिल मिलने के पूर्व ही दूर कर सकेगा।

डीबी स्टार भोपाल/इंदौर

मध्यप्रदेश पश्चिम विद्युत वितरण कंपनी अपने सवा छह लाख उपभोक्ताओं के लिए नई सेवा शुरू करने जा रही है। इसमें एसएमएस के जरिए उपभोक्ता को उसकी मासिक खपत की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कुल यूनिट का ब्योरा भी शामिल होगा। उपभोक्ता को लगता है कि यूनिट की जानकारी गलत है तो वह 1912 पर शिकायत कर सकेगा, ताकि सुधार किया जा सके। इस नई कवायद से उपभोक्ता बिलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेगा। बिजली कंपनी ने यह फॉर्मूला नागपुर की तर्ज पर शुरू किया है। गौरतलब है कि पूर्व में फोटो मीटर रीडिंग का विचार भी नागपुर से ही लिया गया है।

82 प्रतिशत का डाटा मौजूद

कंपनी के पास सभी 28 जोन के 82 फीसदी उपभोक्ताओं का मोबाइल डाटा है। इन्हें एसएमस सुविधा का तत्काल लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। शेष उपभोक्ता को इस सुविधा से जुड़ने के लिए अपना नंबर रजिस्टर्ड करवाना होगा। इसके लिए बिजली कंपनी की वेबसाइट www.mpwz.org पर जाकर अपडेट करने के अलावा जोन पर जाकर भी नंबर अपडेट कराया जा सकता है।

ऐसे समझें प्रक्रिया

मीटर रीडर ने 15 तारीख को रीडिंग ली। गणना में संख्या 1500 आई। पूर्व की संख्या 1000 है। यानी खपत 500 यूनिट हुई। फोटो मीटर रीडिंग प्रक्रिया पूरी होते ही डाटा कंपनी के सर्वर पर लोड होगा। यहां से उपभोक्ता के रजिस्टर्ड नंबर पर जानकारी भेज दी जाएगी। रीडिंग लेने से एसएमएस मिलने में दो दिन का वक्त लगेगा।

उपभोक्ता को प्रक्रिया से जोड़ना चाहते हैं

 अक्सर गलत बिल का आरोप लगता है। इससे बचने के लिए यह प्रयोग शुरू किया है। उपभोक्ता प्रक्रिया से जुड़ेंगे तो उनकी शिकायत का बिल जारी होने के पहले निदान संभव होगा। दो-तीन दिन से एसएमएस भेजने की टेस्टिंग शुरू हो चुकी है। धुव्रनारायण शर्मा, अतिरिक्त अधीक्षण यंत्री (पूर्व संभाग)

खबरें और भी हैं...