मैपकॉस्ट ने भोपाल में मिट्टी की रासायनिक गुणवत्ता को परखा
मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकॉस्ट) भोपाल ने भारतीय अनुसंधान संगठन इसरों के अहमदाबाद स्थित अंतरिक्ष उपयोग केंद्र सेक के साथ मिलकर भोपाल जिले में फसल एवं मिट्टी की गुणवत्ता का वैज्ञानिक अध्ययन किया। यह अध्ययन जिस सेंसर के माध्यम से लिया उसका नाम एयर बॉर्न विजिबल/इन्फ्रारेंड इमेजिंग स्पेक्ट्रोमीटर-न्यू जनरेशन हैं, इसे संक्षेप में एविरिस एनर्जी कहते हैं।
एविरिस एनर्जी विज्ञान प्रोजेक्ट, इसरों-नासा अंतरिक्ष एजेंसियों के अनुसंधान कार्यक्रम का हिस्सा है। इस अध्ययन के तहत भोपाल जिले में फसलों एवं मिट्टी की रासायनिक गुणवत्ता का वैज्ञानिक अध्ययन करने के उद्देश्य से वायुयान द्वारा (ऑप्टिकल वेवलैंथ : 400-2500 एनएम) चित्र लिए गए हैं। मैपकास्ट भोपाल के मिट्टी एवं कृषि डिवीजन के प्रमुख तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.जीडी बैरागी ने बताया मप्र में कृषि के क्षेत्र में यह यह पहला प्रयोग है, जिससे मिट्टी एवं कृषि की रासायनिक विशिष्टताओं के अध्ययन के लिए उपयोगी इलेक्ट्रो मेग्नेटिक स्प्रेक्ट्रम को जाना जा सकेगा। इस अध्ययन के आधार पर इसरों भविष्य में उपयुक्त ऑप्टिकल वेवलैंथ का उपग्रह या सैटेलाइट प्रक्षेपित कर सकेगा। इससे ग्राम स्तर पर मिट्टी एवं फसलों की गुणवत्ता का पता लगाने में मदद मिलेगी। भविष्य में फसलों में जैविक एवं अजैविक प्रभावों के सूक्ष्म अध्ययन में भी यह अनुसंधान मददगार होगा।