महिलाओं से अफसरों ने कहा- पहले 20 कारण बताओ, तभी हटेगी शराब दुकान
प्रकाश नगर में शराब की दुकान का विरोध कर रही महिलाओं को प्रशासन के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सड़क पर विरोध प्रदर्शन न करें, नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं महिलाओं को मिलने पहुंचे अधिकारियों ने पूछा कि ऐसे बीस कारण लिखित में दो, जिसकी वजह से शराब की दुकान हटाई जाए। महिलाओं का आरोप है कि अधिकारियों के सामने बच्चियों ने बताया कि उन्हें देखकर शराबी अश्लील हरकत करते हैं, क्या इतनी बड़ी वजह अफसरों को दिखाई नहीं दे रही है। अनीता शर्मा का कहना है कि अधिकारी बीस कारण दुकान हटाने के मांग रहे हैं, हम सभी इससे अधिक कारण लिखकर दे सकते हैं। हालांकि इस मामले में एसडीएम मुकुल गुप्ता का कहना है कि महिलाओं को धमकाने जैसी कोई बात नहीं है। उनसे बातचीत करके बीच का रास्ता निकाला जा रहा है।