कंपनी के 5.53 लाख रुपए लेकर कर्मचारी गायब
भोपाल| एक कंपनी के 5.53 लाख रुपए लेकर कर्मचारी फरार हो गया है। यह रकम कंपनी मालिक ने उसे बैंक में जमा करने को दी थी। गोविंदपुरा पुलिस ने अमानत में खयानत का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाह के मुताबिक कंपनी में अकाउंटेंट ज्योति शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर 12 बजे उसने कंपनी के ऑफिस ब्वॉय रमेश जादव को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, टीटी नगर ब्रांच में 5 लाख 53 हजार रुपए जमा करने के लिए कंपनी की बाइक से भेजा था। जब वह वापस नहीं लौटा तो उसके मोबाइल पर फोन लगाया, जो बंद था। इसकी जानकारी कंपनी के मैनेजर दीपक तुलसानी को दी। वे उसके घर गए, जहां ताला लगा मिला।