अब रोज चलेगी इंदौर हावड़ा एक्सप्रेस
ट्रांसपोर्ट रिपोर्टर | भोपाल
इंदौर से हावड़ा के बीच सप्ताह में तीन दिन चलने वाली 22911/22912 हावड़ा एक्सप्रेस अब प्रतिदिन चलेगी। इतना ही नहीं इसी ट्रेन को पेंट्रीकार से लैस किया जाएगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने यह घोषणा सोमवार देर शाम विधानसभा परिसर में आयोजित 63वें राष्ट्रीय रेल सप्ताह के पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में की। गोयल ने पश्चिम-मध्य रेलवे को बेहतर आयोजन के लिए 11 लाख की राशि देने की घोषणा भी की। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी भी मौजूद थे। रेल मंत्री ने देर शाम हबीबगंज स्टेशन के री-डेवलपमेंट कार्य का निरीक्षण भी किया।
निर्णय नहीं लेना और टालना आदत बना: सिन्हा
रेल राज्य मंत्री सिन्हा ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक नया चलन सरकार में आ गया है, वह है निर्णय नहीं लेने का और चीजों को टालने की आदत। उन्होंने कहा कि इसका रास्ता आपको निकालना होगा, तब ही रेलवे और देश आगे बढ़ सकता है। रेल राज्य मंत्री ने संत हिरदाराम नगर स्टेशन के नामकरण का शिलान्यास भी किया।
कटलेट का स्वाद वापस लाएंगे
रेल मंत्री ने कहा कि मैं बचपन में जब रेल में यात्रा करता था। उस दौरान ट्रेन में मिलने वाली कटलेट और चाय का स्वाद लाजवाब हुआ करता था। गोयल ने कहा कि उस स्वाद को फिर से वापस लेकर आना है, जिससे रेल यात्रियों का रेलवे पर विश्वास बढ़ सके।
रेल ठप, तो देश ठप: सीएम
मुख्य अतिथि चौहान ने कहा कि यदि रेल ठप तो देश ठप हो जाता है। रेल के सफर में जो आनंद है, वो हवाई सफर में नहीं मिलता। देश को चलाने वाली रेल है, तो देश की धुरी भी रेल है। उन्होंने केंद्र की पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में मप्र की रेल सेवाओं के लिए मुश्किल से 400 करोड़ रुपए मिलते थे। अब मोदी सरकार में इस साल ही 6 हजार करोड़ मिले हैं।