पीसीसीएफ में तीन पदों के लिए डीपीसी रवि श्रीवास्तव होंगे हेड ऑफ द फोर्स
प्रदेश के अगले हेड ऑफ द फोर्स (एचओएफ) भारतीय वन सेवा 1979 बैच के अफसर रवि श्रीवास्तव होंगे। वर्तमान वन बल प्रमुख अनिमेष शुक्ला इसी महीने रिटायर हो रहे हैं, उनका स्थान वरिष्ठता के आधार पर रवि श्रीवास्तव लेंगे। श्रीवास्तव जून में रिटायर हो रहे हैं, आगे उनकी जगह इसी बैच के अफसर जब्बाद हसन लेंगे। पीसीसीएफ के तीन पदों पर पदोन्नति के लिए सोमवार को मंत्रालय में डीपीसी हुई, जिसमें मुख्य सचिव बीपी सिंह, केंद्रीय वन मंत्रालय के प्रतिनिधि और अपर मुख्य सचिव वन दीपक खांडेकर उपस्थित थे। इसी महीने पीसीसीएफ स्तर के अफसरों में एचओएफ अनिमेष शुक्ला, वाइल्ड लाइफ प्रोटक्शन जीतेंद्र अग्रवाल और प्रोडक्शन आरके गुप्ता रिटायर हो रहे हैं। इन तीन पदों को भरे जाने के लिए आज डीपीसी हुई, जिसमें 1984 बैच के एडिशनल पीसीसीएफ विजय कुमार वर्मन, राजेश श्रीवास्तव, सुधीर कुमार को पीसीसीएफ के पद पर पदोन्नति दिए जाने पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही एडिशनल पीसीसीएफ के छह पदों को भरे जाने के लिए 1991 बैच के अफसरों में सीसीएफ धीरेंद्र कुमार भार्गव, शिव प्रसाद शर्मा, एसआर सेन, कंचन देवी, पंकज अग्रवाल का नाम क्लीयर हो गया है। पद रिक्त होने की स्थिति में सीसीएफ के पद पर 2000 बैच के अफसरों को प्रमोशन मिलेगा, इनमें संजय मोहरे, आरएस कोरी, ओपी उचारिया, आरसी राय, संजय श्रीवास्तव, मनोज अग्रवाल, किशोर कुमार गुरवानी और एसपी तिवारी को पदोन्नति दिए जाने पर सहमति बनी है।