बारात के स्वागत के दौरान हर्ष फायर गोली लगने से फोटोग्राफर की मौत
शहर के गोविंदपुरा पुलिस थाना के नजदीक नटराज शादी हॉल में बुधवार रात चल रहे शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में गोली लगने से फोटोग्राफर की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। तब शादी में द्वारचार की रस्म निभाई जा रही थी। इसी दौरान किसी शख्स ने हर्ष फायर कर दिया। गोली सीधे गांधीनगर में रहने वाले फोटोग्राफर सौरभ मीणा (35) के सीने में जा लगी। उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। गोली किसने चलाई, यह पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर दूल्हा-दुल्हन के पिता से पूछताछ की है। शक के आधार पर एक बुजुर्ग को हिरासत में लिया गया है। गोविंदपुरा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि नंद किशोर तिवारी भेल कारखाने में नौकरी करते हैं। शेष | पेज 10 पर
बुधवार को उनके बेटे छत्रसाल की शादी थी। कार्यक्रम का आयोजन गोविंदपुरा स्थित नटराज शादी हाल में किया गया था। दुल्हन अनुराधा सीधी की रहने वाली है। बुधवार रात करीब दस बजे बारात शादी हॉल पहुंची थी। दुल्हन पक्ष के लोगों ने स्वागत द्वार पर बारातियों का स्वागत किया और द्वार-चार के तहत तिलक का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसी दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने अपनी दुनाली बंदूक से हर्ष फायर कर दिया। फायर होते ही गोली हवा में जाने के बजाए वीडियोग्राफी कर रहे फोटोग्राफर सौरभ के सीने को चीरते हुए निकल गई।
---
दरवाजे पर द्वारचार की रस्म चल रही थी, तभी किसी शख्स ने फायरिंग कर दी, एक हिरासत में
सौरभ मीणा
गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई
जिस वक्त यह घटनाक्रम हुआ, उस वक्त हाॅल के अंदर भी सैकड़ों लोग मौजूद थे। लोगों को जैसे ही घटना की जानकारी मिली तो अफरा-तफरी मच गई। अधिकांश नाते-रिश्तेदार बगैर भोजन किए कार्यक्रम छोड़कर चले गए।