गांधी नगर इलाके में एक हफ्ते में 24 लोगों को कुत्तों ने काटा
भोपाल | गांधी नगर में आवारा कुत्तों का आतंक कम होता नजर नहीं आ रहा है। गांधी नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में रोजाना चार-पांच केस डॉग बाइटिंग के पहुंच रहे हैं। हफ्तेभर में इलाके में 24 लोगों को कुत्तों ने काटा है। आलम यह है कि अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को यहां रैबीज के इंजेक्शन भी नहीं लग पा रहे हैं।
गांधी नगर में बरकतउल्ला स्कूल के पास रहने वाले ईसा खान को कुत्ते ने पैर में काटा था। वे अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने पहुंचे तो अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने इंजेक्शन नहीं होने की बात कही। साथ ही हिदायत दे दी कि अगर इंजेक्शन लगवाना है तो नगर निगम से लिखवाकर लाओ। जब खान ने अस्पताल में हंगामा किया ताे आनन-फानन में उन्हें इंजेक्शन लगाया गया। इलाके के बीएमओ डाॅ. सुधीर कौशल का कहना है कि वैक्सीन की कमी जैसी कोई स्थिति नहीं है। ईसा खान को कोई कन्फ्यूजन हुआ था। बाद में उन्हेें इंजेक्शन भी लगाया गया।