मांगों को लेकर कर्मचारियों ने की वन मंत्री से बातचीत
भोपाल|मप्र वन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को वन मंत्री गौरीशंकर शेजवार से 19 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की। संघ के बैनर तले वन कर्मचारी पिछले महीने से चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष निर्मल कुमार तिवारी, महामंत्री आमोद तिवारी, एसएस जादौन, रेंजर एसोसिएशन के वीरेंद्र सिंह, शैलजा ठाकुर, एसके शाह, राकेश नामदेव, केएस मंडलोई समेत कई पदाधिकारी शामिल थे। अध्यक्ष ने बताया कि मंत्री के साथ विभाग के अपर मुख्य सचिव केके सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक समेत अन्य अधिकारियों से भी बातचीत की गई। उन्होंने मांगों के जल्द निपटारे का भरोसा दिलाया।