दाऊदी बोहरा समाज ने रखा रोजा, तड़के 4.20 बजे सहरी, शाम 6.55 पर इफ्तारी
दाऊदी बोहरा समाज में मंगलवार को पवित्र रमजान माह की इब्तिदा हुई। समुदाय के लोगों ने पूरी शिद्दत के साथ रोजा रखा और विशेष नमाज अदा की। तड़के 4.20 बजे सहरी की गई, जबकि इफ्तारी का वक्त शाम 6.55 बजे था। शाम को पहले नमाज अदा की गई, इसके बाद लोगों ने इफ्तारी की। दूसरी ओर मुस्लिम समाज की रूअते हिलाल कमेटी के सदस्य बुधवार शाम साढ़े छह बजे मोती मस्जिद बगिया में चांद देखने एकत्र होंगे। मसाजिद कमेटी के प्रभारी सचिव यासिर अराफात ने बताया कि चांद दिखा तो गुरुवार को रमजान माह का आगाज मस्जिदों से गोले छोड़ कर किया जाएगा। चांद नहीं दिखा तो शुक्रवार से रोजों की शुरुआत होगी। इस सबका ऐलान शहर काजी सै. मुश्ताक अली नदवी द्वारा किया जाएगा।
बोहरा समुदाय ने मस्जिदों में अदा की विशेष नमाज
दाऊदी बोहरा समुदाय के लोगों ने मंगलवार को पहला रोजा शिद्दत से रखा। पुराना शहर के अलीगंज जुमेराती स्थित मस्जिद में आमिल युसुफ भाई भरूची और मुल्ला कॉलोनी स्थित बुरहानी मस्जिद में शेख अली असगर व शेख इस्माइल ने नमाज अदा कराई। जोहर की नमाज के बाद मस्जिदों में बयान हुए। इसमें रमजान माह और रोजों के बारे में रोशनी डाली गई। मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। इसी तरह पुराना सेफिया कालेज, मालीपुरा व अन्य स्थानों की मस्जिदों में भी बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नमाज पढ़ी।