रिटायर्ड अफसर के सूने घर से सात लाख रुपए व जेवर ले गए चोर
हबीबगंज इलाके में चोर एक रिटायर्ड अफसर के घर से लाखों की नकदी और जेवर लेकर चंपत हो गए। वारदात के दौरान अधिकारी परिवार के साथ शहर के बाहर गए हुए थे। नुपुर कुंज कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय आरआर भनोट फूड विभाग से रिटायर्ड हैं। हबीबगंज पुलिस के अनुसार 12 मई को वे परिवार के साथ इंदौर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए चले गए। सोमवार सुबह पड़ोसी ने घर के ताले टूटे होने की सूचना दी। पड़ोसी की शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इंदौर से भोपाल पहुंचे भनोट ने पुलिस को बताया कि घर से सात लाख रुपए नकदी और जेवर चोरी गए हैं। उन्होंने यह रुपए किसी काम के लिए रखे हुए थे। भनोत की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धाें से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।