आज टूटेगा भेल का जर्जर ओवरहैड टैंक
गेस्ट हाउस और कमला नेहरू उद्यान के पास बरखेड़ा में बना भेल का जर्जर ओवर हैड टैंक बुधवार को विस्फोट से ढहाया जाएगा। सुबह 8.30 बजे से टैंक को डायनामाइट द्वारा इंदौर से आए शरद सरवटे अपनी टीम के साथ तोड़ेंगे। भेल प्रशासन ने ओवर हैड टैंक के पास बनी लाइब्रेरी, कमला नेहरू उद्यान और वहां बने सिविल विभाग को सुबह के समय बंद रखने के आदेश दिए हैं। यह ओवरहैड टैंक 1965 में बनाया गया था। ओवरहैड टैंक गिराने के समय कारखाने के गेट नंबर 6 से गेस्ट हाउस, सीनियर क्लब, गुलाब उद्यान बरखेड़ा जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा। जर्जर ओवरहैड टैंक इस साल फरवरी में उस समय जर्जर घोषित किया था, जब आंधी पानी के दौरान इसका प्लास्टर नीचे गिरा था। इस टैंक द्वारा सीनियर क्लब, ईडी बंगला, गेस्ट हाउस, चेलेट व डी टाइप क्वाटर में पानी सप्लाई किया जाता था। इस टैंक के जर्जर होने के बाद से संप टैंक से पानी सप्लाई किया जा रहा है। भेल के अतिक्रमण अधिकारी डीके मिश्रा के अनुसार जर्जर ओवरहैड टैंक को गिराना जरूरी हो गया है।