एमपी नगर जोन-टू इलाके में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। जिससे ट्रांसफॉर्मर के पास खड़ी दो कार भी आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दमकलों ने आग पर काबू पाया। समय पर आग पर काबू पाने से पास की बिल्डिंग तक आग नहीं पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। आगजनी की घटना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
जानकारी के मुताबिक रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब सवा तीन बजे एमपी नगर जोन-टू स्थित टाइम कोचिंग के पास लगे एक बिजली के ट्रांसफॉर्मर से ऑयल टपक रहा था। इसके बाद उसमें तेजी से स्पार्किंग होने लगी। स्पार्किंग के कारण निकलने वाली चिंगारी ने कोचिंग सेंटर में लगे एक एसी और नीचे खड़ी अजय जैन और संजय जैन की दो कारों को चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाई। तब दोनों लग्जरी कारें पूरी तरह से जलकर खाक हो चुकी थीं।
ट्रांसफॉर्मर से टपक रहा था ऑयल, स्पार्किंग से निकली चिंगारी से भड़की आग
बिल्डिंग की पहली मंजिल से कुछ ही दूर रह गई थीं लपटें
एक और ट्रांसफॉर्मर में तेज धमाका
दोपहर दो बजे बिजली विभाग की टीम ट्रांसफॉर्मर ठीक करने पहुंची। दो घंटे बाद ट्रांसफार्मर ठीक हुआ। इस बीच कुछ दूरी पर दूसरे ट्रांसफार्मर में तेज धमाका हुआ। वहीं पास में खड़े ठेले वाले जान बचाकर भागे। जैन का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही ट्रांसफॉर्मर में आग लगी हैं।
संजय जैन ने बताया कि उनका ज्वेलरी का कारोबार है। दो मंजिला बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर दुकान हैं। वे खुद दूसरी मंजिल पर रहते हैं। पहली मंजिल पर किराएदार है। संजय के मुताबिक बिल्डिंग के पास स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स का चौकीदार आधा शटर बंद करके अंदर सो रहा था। रात करीब सवा तीन बजे उसे गरमाहट महसूस हुई। उसने बाहर आकर देखा तो ट्रांसफार्मर से ऑयल गिर रहा था। ऑयल और ट्रांसफार्मर में आग लगी थी। उसने 100 नंबर कॉल करके आग की जानकारी दी। इस बीच भीड़ इकट्ठा हो गई थी। भीड़ घर से बाहर निकलने के लिए आवाज लगा रही थी। तभी मैंने बाहर आकर देखा तो कारों में आग लगी थी। भीड़ ने परिवार के साथ छत पर जाने की सलाह दी। करीब 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जीएमसी लैब के बाहर कचरे में आग
इधर, गांधी मेडिकल कॉलेज स्थित लैब के बाहर कचरे में सोमवार की सुबह आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकलों ने तत्काल ही आग पर काबू पा लिया। आग से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।