भोपाल| प्रदेश कांग्रेस द्वारा ऑल इज वैल गाने पर वीडियो अपलोड कर चर्चा में आए भाजपा प्रवक्ता सुरेश नखुआ के बयान सोमवार को सायबर पुलिस ने दर्ज किए। कांग्रेस ने नखुआ पर उनके नेताआें के वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया में अपलोड करने के आरोप लगाए थे। उनके खिलाफ सायबर पुलिस को शिकायत की गई थी। इसी सिलसिले में नखुआ भोपाल आए। उन्होंने बताया कि जिस वीडियो के संबंध में कांग्रेस ने शिकायत की है, वह उन्होंने नहीं बनाया। उनके पास वॉट्सएप पर आया था।
उनके पास यह वीडियो वाट्सएप पर आया था उन्होंने इसे सिर्फ अपलोड किया था। नखुआ ने कहा कि हाल में कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं के वीडियो चलाए। न्यूज चैनल में भी नेताओं के एनीमेटेड कार्टून बनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यही पता नहीं है कि सीएम कौन बनेगा। उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। इधर, सायबर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने माना है कि अकाउंट उन्हीं का है। लेकिन, यह सायबर क्राइम का मामला नहीं है। संबंधितों को इसकी जानकारी दी जा जाएगी।