पिता बोले- करण के बाएं हाथ पर थे घाव के निशान
भोपाल | एयरपोर्ट रोड स्थित कवर्ड कैंपस ग्रीन एकर्स की छठवीं मंजिल से गिरे करण कनाड़े की मौत की वजह दो दिन बाद भी सामने नहीं आ सकी है। कोहेफिजा पुलिस को उसकी कॉल डीटेल और पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। इस बीच पिता ने एक और आरोप लगाकर मामले में नया मोड़ ला दिया है। पिता प्रेम कनाड़े का दावा है कि करण के बाएं हाथ के पिछले हिस्से में धारदार हथियार से चोट के निशान थे। ये निशान उस वक्त नजर आए, जब अंतिम संस्कार के लिए कपड़े उतारे गए। सोमवार सुबह ग्रीन एकर्स कॉलोनी की छठवीं मंजिल से गिरकर करण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ये कॉलोनी छात्र के घर से डेढ़ किमी दूर हैं, जहां वह किसी को जानता तक नहीं था। पिता ने आशंका जताई है कि जरूर उसके साथ कोई अनहोनी हुई है। इधर, टीआई अनिल बाजपेयी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत से पहले की चोट और बाद की चोट का स्पष्ट पता चल जाएगा।
इलाज देखकर हिम्मत टूट रही थी मेरी...
बोट क्लब पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 12वीं के छात्र तंजिल के पिता तसलीम खान ने भी इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मैंने घायल तंजिल को शनिवार शाम करीब पौने सात बजे एलबीएस अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां मुझसे पहले रजिस्ट्रेशन फीस मांगी जा रही थी। भर दी, इसके बाद भी उसे आईसीयू-टू में रखा गया। मैं कहता रहा कि इसे ऑक्सीजन तो दो, लेकिन वे नहीं माने। पौने दस बजे मेरी हिम्मत जवाब दे गई। वे तंजिल को एमआरआई के लिए ले जा रहे थे, मैंने मना कर दिया। उसे नर्मदा अस्पताल ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
करण कनाड़े