प्रशासन अकादमी की कैंटीन में वेटर ने फांसी लगाकर दी जान
प्रशासन अकादमी का 22 वर्षीय वेटर मंगलवार सुबह कैंटीन की छत पर फांसी पर मिला। सुसाइड नोट नहीं मिलने से खुदकुशी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वह आईपीएल पर सट्टा खेलता था। एक सप्ताह पहले भी उसने फांसी लगाने का प्रयास किया था। तब उसके साथी ने समय रहते उसे बचा लिया था।
पुलिस के मुताबिक मूलत: जीरापुर राजगढ़ निवासी 22 वर्षीय श्याम पवार पिता चंदन पवार प्रशासन अकादमी की कैंटीन में वेटर था। वह कैंटीन में कनीराम के साथ रहता था। कनीराम ने हबीबगंंज पुलिस को बताया कि सोमवार रात साढ़े 9 बजे उसने श्याम के साथ खाना खाया था। उसके बाद वह सोने चला गया। सुबह छह बजे वह चाय बनाने पहुंचा। कैंटीन क्रमांक-1 की छत पर उसे श्याम फंदे पर मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विवेचना अधिकारी गजराज सिंह के अनुसार श्याम ढाई साल से नौकरी कर रहा था। उसे 8 हजार रुपए महीना वेतन मिलता था। वह शराब पीने और आईपीएल मैच पर सट्टा खेलने का आदी था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उसने एक सप्ताह पहले भी फांसी लगाने की कोशिश की थी। उसे एक अन्य कर्मचारी संतोष ने बचा लिया था। गजराज के मुताबिक मृतक के परिजनों और अन्य कर्मचारियों के बयान होने के बाद ही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
लगाता था सट्टा, शराब पीने का था आदी