इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्टर| भोपाल
नगर निगम...गर्मी में पानी सप्लाई का मैनेजमेंट करने में पूरी तरह फेल साबित हो रहा है। इसका एक और मामला सामने अाया है। निगम ने गुपचुप तरीके से नार्थ और साउथ टीटी नगर के साथ शास्त्री नगर, सरस्वती नगर और बाणगंगा में एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई शुरू की है। लेकिन पानी सप्लाई सिर्फ 10-15 मिनट ही हो रहा है। शहर के ज्यादातर इलाकों में पानी सप्लाई का समय ही निर्धारित नहीं है। कहीं सुबह तो कहीं शाम और कुछ इलाकों में तो देर रात पानी की सप्लाई की जा रही है। इसके साथ ही शहर के ज्यादातर इलाकों में पानी सप्लाई का समय ही तय नहीं है। कभी्र सुबह, कभी दोपहर में तो किसी दिन शाम को पानी सप्लाई होती है।
शहर का शायद ही कोई इलाका हो जहां पानी की किल्लत न हो। पिछले ढाई- तीन महीनों से नगर निगम बड़े तालाब से सप्लाई वाले क्षेत्रों में कोलार और नर्मदा का पानी देने में नाकाम साबित हो रहा है। नार्थ और साउथ टीटी नगर के साथ शास्त्री नगर, सरस्वती नगर और बाणगंगा व आसपास के क्षेत्रों में भी बड़े तालाब से ही पानी सप्लाई होता है। शास्त्री नगर में रहने वाले व्यवसायी कमल गौड़ बताते हैं कि निगम द्वारा कब पानी की सप्लाई की जाती है इसका कोई समय तय नहीं है। चार दिन पहले एक दिन छोड़ कर पानी सप्लाई शुरू हुई, नगर निगम ने इसकी कोई घोषणा नहीं की थी।