पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • किसानों के खाते में भुगतान राशि तत्काल की जाए ट्रांसफर : सीएम

किसानों के खाते में भुगतान राशि तत्काल की जाए ट्रांसफर : सीएम

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गेहूं, चना, सरसों और मसूर की तत्काल खरीदी करने और किसानों के खातों में भुगतान राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। उन्हें खरीदी केंद्र तक जाने के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करना पड़े। यदि आवश्यक हो, तो खरीदी केंद्रों की संख्या भी बढ़ाएं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मंत्रालय में संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर रहे थे। प्रदेश में 1 मई से विकास यात्राओं का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कृषि समृद्धि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सात लाख से ज्यादा गेहूं उत्पादक किसानों और 2.82 लाख धान उत्पादक किसानों के खातों में 1700 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि दी जाएगी। यह राशि पिछले साल समर्थन मूल्य पर खरीदे गए 67 लाख 21 हजार मीट्रिक टन गेहूं पर 200 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त रूप से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में यह ऐतिहासिक निर्णय है। अतिरिक्त राशि वितरण की शुरूआत 16 अप्रैल को शाजापुर जिले से होगी। इस कार्यक्रम का सभी जिलों की मंडियों में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसी प्रकार धान उत्पादक किसानों को 200 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि के भुगतान का वितरण बालाघाट जिले के वारासिवनी से 15 अप्रैल को होगा। करीब 72 हजार धान उत्पादक किसानों को 57 करोड़ 87 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चना, सरसों और मसूर की खरीदी पर मुख्यमंत्री किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत 100 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इसी प्रकार इस वर्ष खरीदे गए गेहूं पर 265 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि पर का वितरण 10 जून से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को दिए गेहूं और अन्य फसलों के उपार्जन संबंधी निर्देश

किसानों के खातों का करा लें सत्यापन
मुख्यमंत्री ने कमिश्नर और कलेक्टरों के निर्देश दिए कि वे किसानों के खातों का सत्यापन करवा लें ताकि उनके खातों में राशि देने में अड़चन नहीं आए। उन्होंने मध्यप्रदेश असंगठित श्रमिक कल्याण योजना की चर्चा करते हुए कहा कि यह योजना श्रमिकों के जीवन में सुखद परिवर्तन लाने वाली योजना है। अब तक एक करोड़ से ज्यादा श्रमिकों का पंजीयन हो चुका है।असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को लाभ देने की इस योजना की शुरूआत खरगोन से 17 अप्रैल को होगी। इस दौरान श्रमिकों को पंजीयन प्रमाण पत्र वितरित किये जाएंगे। प्रदेश में भूखंड अधिकार वितरण अभियान भी चलाया जाएगा।

डिफॉल्टर किसानों के ब्याज के 2650 करोड़ रुपए जमा करेगी सरकार

मंडी के बाहर गेहूं और चने की बिक्री करने वाले किसानों को भी भावांतर योजना का लाभ दिया जाएगा। ऋण समाधान योजना में किसानों के कुल ऋण पर ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज का भुगतान भी राज्य सरकार करेगी। ऐसे किसान जो जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज लेने से छूट रहे थे, उन्हें इस योजना का फायदा देने के लिए सरकार डिफॉल्टर किसानों के ब्याज के 2650 करोड़ रुपए भी जमा करेगी। किसान जैसे ही बकाया राशि का अाधा हिस्सा जमा करेगा, उसे जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिलना शुरू हो जाएगा। इससे प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान लाभांवित होंगे। उल्लेखनीय है कि बजट में भी सरकार ने इसकी घोषणा की थी।

खबरें और भी हैं...