- Hindi News
- National
- भाजपा ने 17 को फिर बुलाई कोर कमेटी की बैठक, प्रदेश पदाधिकारियों को करेगी सक्रिय
भाजपा ने 17 को फिर बुलाई कोर कमेटी की बैठक, प्रदेश पदाधिकारियों को करेगी सक्रिय
भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 10 अप्रैल को हुई समन्वय बैठक में कोर कमेटी के लोगों से चर्चा के ठीक सात दिन बाद 17 अप्रैल को फिर कोर कमेटी के लोगों को बुलाया गया है। यह बैठक पार्टी कार्यालय में रखी गई है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और संगठन महामंत्री सुहास भगत भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे के भी आने की संभावना है। सीएम के नागपुर स्थित संघ मुख्यालय से लौटने के हो रही इस कोर कमेटी की बैठक को अहम माना जा रहा है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की नसीहत के बाद भी पिछले कापी समय से कोर कमेटी की बैठक नहीं हुई थी। हाल ही में कोर कमेटी के सदस्यों को भाजपा और आरएसएस की समन्वय बैठक के दौरान बुलाया गया, पर सदस्यों की मानें तो उसमें कोई बड़े मसले पर बात नहीं हो पाई। इसमें सहस्त्रबुद्धे भी नहीं आए थे। बैठक में संघ के सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल की मौजूदगी में सरकार के फैसलों पर सवाल खड़े हुए। इसके एक दिन बाद ही मुख्यमंत्री नागपुर संघ मुख्यालय पहुंचे। बहरहाल, कोर कमेटी के सदस्यों से अब दोबारा कुछ फैसलों पर बात होनी है जो विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर लिए जा रहे हैं। साथ ही केंद्र से 5 मई तक के लिए मिले बड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा कैसे बेहतर हो, इस पर भी बात होगी। पार्टी सूत्रों की मानें तो स्वच्छ भारत पर्व, उज्जवला पंचायत, पंचायती राज दिवस, ग्राम शक्ति अभियान, आयुष्मान भारत अभियान, किसान कल्याण और स्व सहायता समूहों के सम्मेलनों को लेकर भी रणनीति बनेगी।