- Hindi News
- National
- सितंबर तक सरकारी कॉलेजों में हो जाएगी असिस्टेंट प्रोफेसर के खाली पदों पर भर्ती
सितंबर तक सरकारी कॉलेजों में हो जाएगी असिस्टेंट प्रोफेसर के खाली पदों पर भर्ती
प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर्स की भर्ती इस साल सितंबर तक हो जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग आचार संहिता लगने से पहले इनकी भर्ती की तैयारी कर रहा है। विभाग ने हाईकोर्ट के आदेश के पालन में सभी उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा एक समान कर दी है। प्रदेश के मूल निवासियों के साथ ही अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 44 साल हो गई है। शासन के इस फैसले को लेकर प्रदेश के मूल निवासी उम्मीदवारों में नाराजगी है। पूर्व में जारी विज्ञापन में विभाग ने असिस्टेंट प्राेफेसर भर्ती परीक्षा के लिए अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 साल और मूल निवासियों के लिए 40 साल निर्धारित की थी। इसे लेकर बाहरी राज्यों के उम्मीदवारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी। हाईकोर्ट ने सभी उम्मीदवारों के लिए एक समान आयु सीमा रखने के आदेश दिए थे। इस फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने की तैयारी की थी, लेकिन विधिक सलाह के बाद अपने हाथ खींच लिए।
आयुक्त उच्च शिक्षा नीरज मंडलाेई का कहना है कि हाईकोर्ट का फैसला काफी मजबूत था। इस फैसले के तहत किसी भी राज्य के उम्मीदवार को केवल आयु सीमा के आधार पर अपात्र करना गलत माना गया है। अन्य राज्यों के उम्मीदवाराें की जो आपत्ति थी उसके अनुसार 28 साल में पीएचडी की डिग्री पूरी नहीं होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी के लिए एक समान आयु सीमा तय की गई है।
सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर नहीं की अपील
पदों की संख्या बढ़कर हुई 3422, आवेदन 16 से
विभाग ने इस भर्ती परीक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद भी 2976 से बढ़कर 3422 कर दिए हैं। पहली बार इतने पदों के लिए यह परीक्षा हो रही है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू होगी और 30 अप्रैल तक चलेगी। आवेदन में 20 अप्रैल से 2 मई तक त्रुटि सुधार किया जा सकेगा। आयुक्त के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया आचार संहिता लागू होने से पहले अगस्त-सितंबर माह में पूरी कर ली जाएगी। मप्र लोक सेवा आयोग जल्द ही परीक्षा की तारीख घोषित करेगा।