- Hindi News
- National
- रात 3:26 बजे ही कंपनी को मिल गया था सिस्टम डाउन का मैसेज, सुबह 10 बजे एटीएम चेक करने पहुंचा स्टाफ
रात 3:26 बजे ही कंपनी को मिल गया था सिस्टम डाउन का मैसेज, सुबह 10 बजे एटीएम चेक करने पहुंचा स्टाफ
क्राइम रिपोर्टर | भोपाल
दानिश नगर स्थित एसबीआई के एटीएम को गैस कटर से काटकर 4.56 लाख रुपए चुराने वाले बदमाशों का दो दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। हालांकि, इतना जरूर सामने आया है कि एटीएम का काम संभालने वाली फायनेंशियल सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (एफएसएस) को वारदात की रात 3:26 बजे सिस्टम डाउन होने का मैसेज जरूर मिल गया था। इस मैसेज को फस्ट लेवल मेंटेनेंस (एफएलएम) कहते हैं। एफएसएस का मैसेज मिलते ही कैश रीफिल एजेंसी को अपना स्टाफ फौरन एटीएम बूथ में भेजना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
एएसपी विकाश साहवाल के मुताबिक फिलहाल इस एटीएम से जुड़े हर कर्मचारी से पूछताछ जारी है। साथ ही इस तरह की वारदात करने वालों से भी पूछताछ की जा रही है। बुधवार रात 2:44 बजे दानिश नगर स्थित एटीएम में घुसे बदमाश ने दो सेमी मोटी और दो फीट लंबी लोहे की प्लेट काटकर वारदात को अंजाम दिया था।
तीन बड़ी वारदातों की अब भी जांच जारी, जल्द खुलासे के पुलिस के सभी दावे फेल
नाकामी.....एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी पुलिस
अकेले चोर को पकड़ नहीं पाई शाहपुरा पुलिस
तारीख : 26/10/16
क्या हुआ : भोपाल को-ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक, शाहपुरा से 25 लाख रुपए ले गए बदमाश।
वारदात : बैंक के पांच ताले तोड़कर एक शातिर चोर ने 25 लाख रुपए चुरा लिए। करीब एक घंटे तक बैंक में रहा। बैंक में सुरक्षा के नाम पर केवल सीसीटीवी कैमरे लगे थे, जिनमें चोर की ये करतूत कैद हो गई।
13 दिन बाद ही नोट बंदी हुई तो चोर की रकम किसी काम की नहीं बची। पुलिस ने भी यही माना और मामला ठंडे बस्ते डाल दिया गया।
बदमाश ने इसी एटीएम को काटा था।
साउथ इंडियन गैंग अब भी आजाद
तारीख : 20/07/17
क्या हुआ : 240 रुपए सड़क पर गिराए और 43 लाख रुपए से भरा कैश ट्रंक वैन से निकाल ले गए
वारदात : एमपी नगर में बीओआई के एटीएम के सामने से साउथ इंडियन गैंग ने दिनदहाड़े वारदात की। दो मिनट के भीतर हुई ये वारदात एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। भोपाल स्टेशन पर भी उनकी तस्वीरें पुलिस को मिलीं।
पुलिस की जांच
एमपी नगर पुलिस दूसरे राज्यों की पुलिस की मदद से उनके ठिकाने तक भी पहुंची, लेकिन अब तक न गैंग मिला और न ही रकम।
छह माह में बैंक में दो बार घुसे बदमाश
तारीख : 20/06/17
क्या हुआ : मिसरोद थाने के पास केनरा बैंक में बदमाश स्ट्रांग रूम तक नहीं पहुंच पाए
वारदात : छह महीने में इस बैंक में बदमाशों ने दूसरी कोशिश की थी। इस बार दीवार में छेद कर बैंक में तो दाखिल हुए, लेकिन स्ट्राँग रूम तक नहीं पहुंच पाए। बैंक कसीसीटीवी फुटेज एक बदमाश की धुंधली तस्वीर भी कैद हुई थी।
पुलिस की जांच
मिसरोद पुलिस ने इसे महज कोशिश माना और थोड़ी बहुत जांच के बाद दोनों मामलों को ठंडे बस्ते में डाल दिया। नतीजा ये है कि आरोपी अब भी आजाद हैं।