बीयू : हॉस्टल में पानी नहीं आने पर छात्रों का हंगामा
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के ब्वाॅयज हॉस्टल के छात्र पिछले तीन दिनों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी नहीं आने से नाराज छात्रों ने शुक्रवार को हंगामा कर दिया। करीब एक घंटे तक हॉस्टल के छात्रों ने विवि के प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। कुलपति ने तत्काल पानी की समस्या का निराकरण करने आश्वासन छात्रों को दिया। कुलपति से आश्वासन मिलने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।
छात्रों ने बताया कि ब्वायज हॉस्टल में पानी व वॉटरकूलर सहित अन्य समस्याएं हैं। लेकिन प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा। बताया जाता है कि हॉस्टल में पानी की जो मोटरें थी वो खराब पड़ी हुई है। पिछले साल गर्मियों में पानी की किल्लत टैंकरों के माध्यम से दूर की जाती थी लेकिन इस साल विवि अभी तक टैंकरों की कोई सुविधा शुरू नहीं की है। शुक्रवार को छात्रों के हंगामे के बाद कुलपति प्रो. डीसी गुप्ता ने तत्काल सभी समस्याओं के निदान के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए वार्डनों द्वारा दिए प्रस्ताव पर सभी छात्रावासों में दो-दो एक्वागार्ड, वाटर कूलर उपलब्ध कराने के आदेश दिए। साथ ही छात्रावासों में मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने को कहा।