भाई से खाने पर इंतजार करने को कहा और लगा ली फांसी
ऐशबाग इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। फांसी लगाने के पहले उसने बड़े भाई को फोन पर कहा था कि वह खाने पर उसका इंतजार कर रहा है। मृतक माता-पिता की मौत के बाद से ही तनाव में रहता था। हालांकि सुसाइड नोट नहीं मिलने से आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुष्पा नगर ऐशबाग निवासी 19 वर्षीय सत्या रॉय बड़े भाई शुभम के साथ किराए से रहता था। वह प्राइवेट जॉब करता था। शुभम ने बताया कि गुरुवार रात 8 बजे सत्या ने उसे फोन किया था। उसने नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए दो हजार रुपए मांगे थे। मैंने कहा था, ठीक है। उसके बाद उसने कहा कि वह उसके साथ ही खाना खाएगा। वह उसका इंतजार कर रहा है। देर रात जब मैं काम खत्म कर घर पहुंचा, तो सत्या फांसी लगा चुका था। शुभम के अनुसार वह नौकरी पर भी नहीं जा रहा था। उसके पैर और हाथ में दर्द रहता था। माता-पिता की चार साल पहले हुई मौत के बाद से ही वह मानसिक तनाव में रहता था। शुभम ने बताया कि उसने कभी भी इस तरह निराश होने की बात नहीं बताई। वह माता-पिता को हमेशा याद करता रहता था।