पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • खाता अपडेट नहीं होने से किसानों का 2.50 करोड़ रुपए का भुगतान अटका

खाता अपडेट नहीं होने से किसानों का 2.50 करोड़ रुपए का भुगतान अटका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मुंगावली

प्रदेश सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी 26 मार्च से शुरू की थी। इसमें गेहूं तुलने के बाद किसान का भुगतान समय सीमा में उनके खातों में पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी लेकिन मार्केटिंग सोसायटी द्वारा गेहूं खरीदने के 14 दिन बाद भी किसानों का भुगतान नहीं किया है। इससे किसान परेशान हैं किसानों को 17 और 18 तारीक को अपने बच्चों के विवाह करने में भी परेशानी आ रही है।

इस संबंध में मार्केटिंग सोसायटी के डीएम एमएस राजपूत ने बताया कि मार्केटिंग सोसायटी का खाता नंबर हर साल अपडेट होता है। गुना हेड ऑफिस की गलती से इस बार ऐसा नहीं हो पाया है। सोसायटी के अधिकारियों और कर्मचारियों की इस गलती से समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर अपनी फसल बेचने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जब किसान बैंक वाले से बात कहते हैं तो बैंक वाले मार्केटिंग सोसायटी के डीएम से संपर्क करने की बात कहते हैं। वहीं मार्केटिंग सोसायटी वाले शाम तक पैसा डालने की बात कहते हैं। इसके बाद भी किसानों की फसल का भुगतान आज तक नहीं हुआ है। मार्केटिंग सोसायटी द्वारा खरीदे गए 13 हजार क्विंटल गेहूं का भुगतान रुका हुआ है। किसानों का करीब 2.50 करोड़ रुपए का भुगतान रुका हुआ है।

गेहूं खरीदी का पैसा खातों में नहीं आने के कारण क्षेत्र के किसान हो रहे परेशान, किसानों ने कहा-पैसे नहीं मिलने पर कैसे करेंगे शादियां

समर्थन मूल्य पर उपज बेचने वाले किसान हो रहे हैं परेशान
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बैंक की शाखा में भुगतान के लिए परेशान होते हैं किसान।

ढाई करोड़ रुपए का रुका भुगतान
मार्केटिंग सोसायटी पर 30 मार्च को 13 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई थी। इसका 2.50 करोड़ रुपए का भुगतान किसानों को आज तक नहीं मिला है। इन किसानों कुकावली गांव के एक ही परिवार का करीब 40 लाख रुपए का भुगतान रुका पड़ा है। किसान राजेंद्र सिंह दांगी, नीरज दांगी, दीपक दांगी आदि ने बताया कि हमने 30 मार्च को मार्केटिंग सोसायटी पर गेहूं तुलवाया था। इसकी रसीद हमें 3 अप्रैल को यह कहकर दी गई कि कंप्यूटर ने इसे 3 तारीख में ही निकाला है। हम अपने भुगतान के लिए कभी बैंक तो कभी मार्केटिंग सोसायटी के डीएम से पैसे के भुगतान के बारे में मिल रहे हैं। किसान नीरज दांगी ने बताया कि भुगतान नहीं होने के कारण हमने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की है। कई किसानों ने बताया कि हमारे यहां 17 और 18 को बच्चों की शादी करना है। पैसे नहीं मिलने के कारण हम अपने बच्चों की शादी कैसे करेंगे।

अन्य संस्थाओं में हुआ भुगतान
समर्थन मूल्य खरीदी योजना में सेवा संस्था नरखेड़ा, मल्हारगढ़, मुंगावली, डोगरा, झागर बमूरिया, ओंडेर आदि जगहों पर तुला गेहूं के भुगतान का पैसा किसानों के खाते में पहुंच रहा है लेकिन मार्केटिंग सोसायटी पर तुले गेहूं का पैसा किसानों को नहीं मिला है। कई किसानों को अपने बच्चों की शादियां करना हैं, कई किसानों को ट्रैक्टर की किश्त देना है, कई किसानों को केसीसी का पैसा जमा करना है। वहीं कई किसानों को व्यापारियों से लिए गए सामान का पैसा चुकाना है। पैसा नहीं मिलने के कारण किसानों के काम नहीं हो पा रहे हैं। वहीं व्यापारी किसानों के घरों में चक्कर लगा रहे हैं। वहीं किसान कोऑपरेटिव बैंक व गुना डीएम के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं कई किसानों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर भी पैसा नहीं आने की शिकायत की है। पैसा नहीं मिलने के कारण किसानों में भारी असंतोष है।

इस बारे में भोपाल से जानकारी लेकर ही कुछ होगा
सोसायटी का खाता नंबर हर साल अपडेट होता है। गुना हेड ऑफिस की गलती के कारण इस बार ऐसा नहीं हो पाया है। जानकारी मिलने पर मैंने बैंक को बताया कि खरीदी ऑनलाइन है। ऑनलाइन खरीदी को देखकर ही भोपाल से सोमवार आैर गुरुवार को पैसा डाला जाता है। इस बारे में पता करवाता हूं। एमएस राजपूत, डीएम मार्केटिंग सोसायटी गुना

खबरें और भी हैं...