प्रीति की मौत के लिए जिम्मेदार मंत्री रामपाल सिंह पर दर्ज हो एफआईआर
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री जी ‘गुनहगार बचेंगे नहीं, बेटियों को न्याय मिलेगा’ का पालन मप्र में भी करवाएं। सिंह ने कहा है कि प्रीति रघुवंशी की मौत के जिम्मेदार मंत्री रामपाल सिंह के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हो और उन्हें मंत्री पद से हटाया जाए। सिंह ने पीएम को लिखे पत्र में कहा है कि आप ही प्रीति रघुवंशी को न्याय दिलाएंगे, जिसकी आत्मा पिछले 28 दिनों से विचलित है, क्योंकि उसकी मौत के जिम्मेदार मंत्री रामपाल सिंह और उनके परिजनों पर शिवराज सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रीति के भाई का अपहरण कर उसे चार दिन बाद छोड़ा गया। भोपाल आईजी रामपाल सिंह से मिलने उनके बंगले गए, लेकिन किसी बड़े अफसर ने प्रीति के परिवार से मिलना ठीक नहीं समझा। यही नहीं विधानसभा में इस मुद्दे पर सरकार ने चर्चा भी नहीं होने दी। यह घटनाक्रम बताता है कि पहले दिन से ही शिवराज सरकार और उनकी पुलिस मंत्री रामपाल सिंह को बचाने और प्रीति के परिवार को डराने धमकाने का काम कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा पत्र