- Hindi News
- National
- ट्रेनों को समय पर चलाना जरूरी पर सेफ्टी से भी समझौता नहीं, जरूरत के हिसाब से बढ़ेंगी लाइनें
ट्रेनों को समय पर चलाना जरूरी पर सेफ्टी से भी समझौता नहीं, जरूरत के हिसाब से बढ़ेंगी लाइनें
ट्रांसपोर्ट रिपोर्ट | भोपाल
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने कहा है कि ट्रेनों को सही समय पर चलाना जितना जरूरी है, उतनी ही सेफ्टी। ट्रैक रिन्यूवल और मेंटेनेंस के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में वह गेप भर सकेगा, जो काफी समय से बना हुआ है। लोहानी ने कहा कि नई रेलवे लाइनें बढ़ाई जा रही हैं। जहां दो हैं, वहां तीसरी और तीन के स्थान पर चौथी लाइन बिछाने का काम कई जगह जारी है। इससे आने वाले समय में ट्रेनें रफ्तार पकड़ेंगी और यात्रियों को भी उनका सीधे तौर पर फायदा होगा।
लोहानी ने यह बातें रविवार शाम भोपाल हाट में 63वें रेल सप्ताह के तहत आयोजित राष्ट्रीय रेल प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगले महीने तक हबीबगंज से बीना के बीच बिछाई जा रही रेलवे लाइन का आखिरी सेक्शन भी पूरा कर लिया जाएगा। इस बीच पश्चिम-मध्य रेलवे के जीएम गिरीश पिल्लई ने हबीबगंज से बरखेड़ा सेक्शन के वर्ष-2019 तक शुरू करने की जानकारी दी।
मांग के आधार पर ट्रेनों की पूर्ति करवाना प्राथमिकता में शामिल
एेसे ही अधिकारी चाहिए, जो समय पर पूरे करवाएं काम
भोपाल | हमें ऐसे ही अधिकारी चाहिए, जो समय से काम पूरा करवाएं। भोपाल स्टेशन पर एक महीने में सड़क और 15 दिन में पार्क सहित अन्य काम पूरे किए जाना काफी अच्छा लगा। आगे भी इसी रफ्तार से काम किए जाना चाहिए। यह बातें रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी लोहानी ने रविवार को सुबह कहीं। वे रेलवे जीएम गिरीश पिल्लई व डीआरएम के साथ भोपाल स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
सुबह 10 बजे भोपाल स्टेशन पहुंचे लोहानी ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 की तरफ बनाई जा रही 35 फीट चौड़ी नई सड़क देखी। साथ ही वहां विकसित किए जा रहे मिनी गार्डन को भी देखा। यह देखकर लोहानी प्रसन्न हुए। नई सड़क भारत टॉकीज ब्रिज के नजदीक से आरपीएफ थाने तक बनाई गई है, जो 300 मीटर लंबी है। सड़क बनने से यात्रियों को सीधा फायदा होगा, वे स्टेशन तक आवागमन कर सकेंगे। इसे जाम के हालात भी नहीं बनेंगे। यहां पहले रेलवे के दफ्तर थे, जिन्हें हटा दिया गया है। चेयरमैन ने प्लेटफॉर्म नंबर-6 की तरफ बनाई जा रही नई बिल्डिंग के काम को देखकर भी प्रसन्नता जताई। यह काम 95 फीसदी पूरा हो गया है।
भोपाल स्टेशन के निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने अपनी तीन प्राथमिकताएं भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि मांग के आधार पर पूर्ति यानी जितनी ट्रेनों व सीट की जरूरत है, वह पूरी करने का प्रयास करना पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा ट्रेन आैर यात्रियों की सेफ्टी और आधुनिक टेक्नोलॉजी का प्रयोग रेलवे में किया जाना अन्य प्राथमिकताएं रहेंगी। लोहानी ने आधुनिक टेक्नोलॉजी के प्रयोग के तहत सीसीटीवी मॉनिटरिंग, हाई स्पीड रेल लाइन का निर्माण जैसी प्राथमिकताएं गिनाईं।