सोमयज्ञ में नंदोत्सव : भगवान के जन्मोत्सव की मनाईं खुशियां
टीटी नगर दशहरा मैदान में गोकुलोत्सव व वृजोत्सव महाराज के सान्निध्य में चल रहे सोमयज्ञ में रविवार का दिन खास रहा। सुबह मंत्रोच्चार के बीच लोगों ने जनकल्याण की प्रार्थना के साथ आहुतियां दीं। वहीं दोपहर में यज्ञ स्थल पर नंदोत्सव मनाया गया। नंद गोपाल के जन्मोत्सव की खुशी में लोगों ने जयकारे लगाए। बालकृष्ण को पालने में झुलाया गया। नंद के घर आनंद भयों भजन गाते हुए कई लोगों ने भक्ति नृत्य किया।
आज सीएम भी आएंगे
गोकुलोत्सव महाराज ने कहा कि जो कृष्णा सारी सृष्टि को पालते हैं, आज हम सभी उनको पालना झूला रहे हैं। हम सभी के यही भाव रहें कि घर-घर में नंद महोत्सव हो। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बाबूलाल गौर, रघुनंदन शर्मा, कैलाश अग्रवाल, भगवानदास सबनानी, रामबाबू शर्मा, अवनीश काबरा, प्रमोद नेमा व सत्यनारायण बागंड, ने पूजा-अर्चना व आरती की। नेमा ने बताया कि सोमवार को सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान यहां ध्वजारोहण करेंगे।