डिप्लोमा इंजीनियर्स की भूख हड़ताल आज से
मप्र डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन द्वारा ग्रेड पे समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से भूख हड़ताल की जाएगी। संगठन संरक्षक राजेंद्र सिंह भदौरिया, प्रांताध्यक्ष सुरेश द्विवेदी, महामंत्री आरएस कुशवाह ने बताया कि शासन ने प्रदेश के सब इंजीनियर्स की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए गंभीरता नहीं बरती। कई बार मंत्रियों और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। फिर भी सुनवाई नहीं होने पर दो दिनी भूख हड़ताल का निर्णय लिया गया। सोमवार एवं मंगलवार को नीलम पार्क में प्रदेशभर से आए सब इंजीनियर्स क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इनमें पीडब्ल्यूडी, पीएचई, जल संसाधन, आरईएस, पंचायत एवं ग्रामीण, सीपीए समेत अन्य विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर्स शामिल होंगे। संघ के दूसरे गुट के प्रांताध्यक्ष देवेंद्र सिंह भदौरिया, महामंत्री आरकेएस तोमर ने बताया कि एसडीएम कोर्ट ने इनकी अनुमति निरस्त कर दी है। द्विवेदी ने कहा कि हड़ताल करके रहेंगे।