- Hindi News
- National
- पानी की समस्या के लिए मुझे सीएम से भी लड़ना पड़ा तो लड़कर नलजल योजना चालू कराऊंगा : विधायक
पानी की समस्या के लिए मुझे सीएम से भी लड़ना पड़ा तो लड़कर नलजल योजना चालू कराऊंगा : विधायक
विधायक ब्रजेंद्र सिंह यादव रविवार को गांव में आए। इस दौरान उन्होंने पंचायत कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने लोगों के आवेदन लेकर आठ दिन में जवाब देने को कहा। वहीं कई आवेदनों का मौके पर निराकरण कराया।
वार्ड नौ के पंच कमल पंथी ने विधायक श्री यादव को पानी की समस्या से अवगत कराया। इस पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने छह करोड़ रुपए की नलजल योजना की घोषणा की। उसे पूरा करने में जल्दी ही भोपाल जा कर चर्चा करूंगा और जल्द ही शुरू कराऊंगा। यह कस्बा मेरा अपना है। मैं यहां बहुत सालों से आता रहा हूं मुझे यहां पानी की समस्या के बारे में पूरी जानकारी है। इसके लिए मुख्यमंत्री जी से लड़ना पड़े तो लड़ूंगा भी। बार बार उनका दरवाजा खटखटाऊंगा। पर यहां की जनता को पीने के पानी की लड़ाई जरूर लड़ कर हल करूंगा। ईदगाह रोड के निवासियों ने सड़क पर कीचड़ और गंदगी की शिकायत की। इस पर विधायक ने सरपंच प्रतिनिधि कृष्णकुमार राय से कहा कि तुरंत इस सड़क का दोबारा प्रस्ताव बनाकर सीसी डलवाएं।
कलाबती ने पेंशन स्वीकृत नहीं होने की बात कही। इस पर श्री यादव ने रोजगार सचिव अवधेश सोनी से पेंशन जल्द स्वीकृत कराने की बात कही।
पंचायत कार्यालय में बैठक में लोगों की समस्याएं सुनीं
पंचायत भवन में लोगों की समस्या सुनते विधायक।
अपात्रों को मिली कुटी
कंछेदी अहिरवार ने पीएम आवास के 24 नए आवास स्वीकृत हुए हैं इनकी सूची ग्राम पंचायत के बाहर नहीं लगाई गई है। कई अपात्र लोगों को कुटी मिल रही है। इसकी जांच होना चाहिए। तमाशा गांव के लोगों ने कहा कि हमारे यहां 200 रुपए के मीटर लगे थे। अब बिजली कंपनी ज्यादा बिल दे रहा है। वहीं खोक्सी गांव के लोगों ने कहा कि हमारे गांव सब के बिल जमा है इसके बाद भी बिजली नहीं आ रही है। विधायक ने सभी लोगों के आवेदन लेने के बाद कहा कि वह जल्द ही उनकी समस्याओं को हल कराएंगे। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि देशराज सिंह कटारिया, राजपाल सोलंकी, रामशरण सोलंकी, दिनेश बेसाखिया, बबलू चौधरी, सुनील जैन, खिलन धाकड़, सुनील प्रजापति सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।