इंफ्रास्ट्रक्चर रिपोर्टर | भोपाल
अवैध काॅलोनियों को नियमित करने की प्रक्रिया में नगर निगम रहवासियों और काॅलोनाइजरों से भी चर्चा करेगा। इस चर्चा के बाद काॅलोनियों का ले आउट तय होगा। इन काॅलोनियों में प्रस्तावित विकास कार्य और उसका एस्टीमेट भी इस चर्चा के बाद ही तय होगा।
अवैध काॅलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया पर सवाल उठने के बाद यह फैसला लिया गया है। यदि किसी काॅलोनी का एरिया बढ़ाया जा रहा होगा या सड़क व अन्य सरकारी जमीन पर बनी काॅलोनी को वैध किया जा रहा होगा तो वह भी सामने आ जाएगा। सामूहिक चर्चा होने से इन काॅलोनियों में कौन से विकास कार्य किए जाना है वह भी मौके पर तय हो जाएगा। इसके आधार पर एस्टीमेट और विकास शुल्क भी तय हो जाएगा। हालांकि अभी भी बड़े तालाब के कैचमेंट में बनी अवैध काॅलोनियों के वैध होने की आशंका बरकरार है।
22 से 25 मई तक जोन कार्यालय में होगी चर्चा
22 मई को जोन क्रमांक 1 में, 23 मई को जोन क्रमांक 10 में, 24 मई को जोन 16 में और 25 मई को जोन 17 में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक इस चर्चा का आयोजन किया गया है।