पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • भदभदा के पास अब मिट्‌टी डली तो पता चला कि बड़े तालाब का सीमांकन ही एक साल से अटका है

भदभदा के पास अब मिट्‌टी डली तो पता चला कि बड़े तालाब का सीमांकन ही एक साल से अटका है

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भदभदा के पास मिट्‌टी डालकर कब्जा करने की तैयारी ने बड़े तालाब के आसपास बेलगाम अतिक्रमण का पर्दाफाश किया है। तालाब के चारों तरफ ऐसे कब्जे रोकने के लिए नए सिरे से सीमांकन का जरूरी काम ही एक साल से अटका है। इसमें भी नगर निगम और एप्को की लापरवाही सामने आ रही है। रामसर कंवेंशन ऑफ वेटलैंड के मापदंडों के अनुसार साइट को अपडेट किया जाना है। नए सिरे से सीमांकन इसके साथ ही होना है। एनजीटी के निर्देश पर सीमांकन के लिए पिछले साल नगर निगम ने डिफरेंशियल ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (डीजीपीएस) सर्वे कराया था। 14 फरवरी को यह रिपोर्ट एनजीटी को सौंप दी गई और तत्काल एप्को को भिजवा दी गई। लेकिन इसके बाद न तो एप्को ने कुछ किया और न ही नगर निगम ने।

अब भदभदा के पास मिट्टी डालकर कब्जाने का मामला उजागर हुआ तो नगर निगम को सीमांकन की याद आई। निगम अब एप्को को पत्र लिखकर एक साल पहले भेजी गई इस रिपोर्ट की याद दिला रहा है। उधर, एप्को की चीफ साइंटिफिक ऑफिसर विनिता विपट ने चौंकाने वाली बात कही-हमें अब तक ऐसी कोई रिपोर्ट ही नहीं मिली है।

डीजीपीएस सर्वे में ज्यादा निकला तालाब का एरिया

एप्को को करना है वेरिफिकेशन

नगर निगम झील संरक्षण प्रकोष्ठ के प्रभारी संतोष गुप्ता कहते हैं कि हम रिपोर्ट भेज चुके हैं। इस तकनीकी रिपोर्ट का वेरिफिकेशन एप्को को करना है। इसके बाद ही नगर निगम सीमांकन कर सकता है। एप्को वेटलैंड कंवेंशन के निर्देश पर वेटलैंड साइट के अपडेशन का काम कर रहा है।

इधर, अफसर बेखबर...एप्को की चीफ साइंटिफिक ने कहा- हमें अब तक ऐसी कोई रिपोर्ट ही नहीं मिली

यह होना है रामसर साइट अपडेशन में

रामसर साइट के अपडेशन में दोबारा सीमांकन के साथ उसके क्षेत्रफल का भी दोबारा निर्धारण होना है। आधुनिक पद्धति से मेजरमेंट लिए जाएंगे ताकि क्षेत्रफल अधिक स्पष्ट हों।

ऐसे तकनीकी बदलाव किए जाने हैं जिससे तालाब के साथ यहां की जैव विविधता भी बची रहे।

तालाब का एरिया 32 वर्ग किमी माना जाता है लेकिन डीजीपीएस सर्वे में 38.69 वर्ग किमी पता लगा

हर साल जमा हो जाती है 17.8 लाख घन मीटर गाद

तालाब की कुल क्षमता 1211 लाख घन मीटर है

सेप्ट का आकलन है कि यदि इसी गति से गाद मिलती रही तो 220 सालों में तालाब खत्म हो जाएगा

अभी 441.9 लाख ली. सीवेज रोज तालाब में मिल रहा है

तालाब के आसपास ऐसे 24 स्थान हैं, जहां से सीवेज मिलता है ।

अब हर छह साल में करेंगे अपडेशन

नए नियमों के अनुसार अब हर छह साल में रामसर साइट का अपडेशन होना है। वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने एप्को से 5 जून तक अपडेशन की जानकारी मांगी है। इसमें एरिया, पानी की क्वालिटी और बायो डायवर्सिटी के साथ अन्य विषयों को भी शामिल किया गया है। - अनुपम राजन,डायरेक्टर जनरल, एप्को

अभियान आज से.... भदभदा छोर से शुरू होगा गहरीकरण, सीएम भी करेंगे श्रमदान

सोमवार से बड़े तालाब से गाद और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुबह आठ बजे भदभदा से इसकी शुरुआत करेंगे। अगले चरण में यह अभियान प्रेमपुरा, बैरागढ़, सीहोर नाका और बोट क्लब क्षेत्र में भी चलाया जाएगा। महापौर आलोक शर्मा के अनुसार क्रिकेट खिलाड़ी जेपी यादव, शहर के कई हॉकी खिलाड़ी, गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी, शहर के प्रमुख डॉक्टर, न्यू मार्केट के व्यापारी और क्रेडाई के सदस्य इस अभियान में हिस्सा लेंगे। कोटरा सुल्तानाबाद, नेहरू नगर और प्रेमपुरा क्षेत्र के रहवासी भी भाग लेंगे।

जनअभियान परिषद ने किया श्रमदान -जन अभियान परिषद के नेतृत्व में रविवार को विभिन्न संगठनों ने भदभदा पर सुबह दो घंटे श्रमदान किया। दो डंपर मिट्टी निकाली गई।

खबरें और भी हैं...