फर्जी बही लगाने वाले जमानतदार पर केस दर्ज
न्यायालय में एक बदमाश की जमानत लेने वाले जमानतदार पर एमपी नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। आरोपी जमानतदार ने जमानत के लिए फर्जी बही लगाई थी। उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एमपी नगर पुलिस को न्यायालय से एक शिकायती आवेदन मिला था। विवेचना अधिकारी कमल सिंह के अनुसार फरवरी 2018 में एक बदमाश की जमानत लेने के लिए रिसालदार कॉलोनी निवासी सोहनलाल पिता अशोक रैकवार ने बही लगाई थी। संदेह होने पर न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार ने बही की जांच की। इसमें बही फर्जी पाई गई। विवेचना अधिकारी सिंह ने बताया कि तहसीलदार की जांच के बाद आरोपी सोहनलाल के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। हालांकि सोहनलाल आरोपी की जमानत लेने में कामयाब नहीं हो पाया था। सोहनलाल की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे पहले क्राइम ब्रांच ने फर्जी तरीके से जमानत लेने वाले एक गिरोह का भांडा फोड़ किया था।