- Hindi News
- National
- भदभदा पर गहरीकरण व अतिक्रमण हटाने के साथ कल से शुरू होगा अभियान, नया व्यू पॉइंट बनेगा
भदभदा पर गहरीकरण व अतिक्रमण हटाने के साथ कल से शुरू होगा अभियान, नया व्यू पॉइंट बनेगा
बड़े तालाब में जगह-जगह हो रहे अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम ने एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। महापौर आलोक शर्मा शनिवार को बड़े तालाब के भदभदा छोर पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। चुनिंदा अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण के बाद तालाब के संरक्षण का प्लान तैयार किया। सोमवार को भदभदा से ही तालाब के गहरीकरण का अभियान शुरू किया जाएगा। साथ ही यहां एक व्यू पॉइंट भी विकसित होगा।
भदभदा क्षेत्र में गहरीकरण और अतिक्रमण हटाने का अभियान पूरा होने के बाद तालाब में अन्य स्थानों पर भी श्रमदान किया जाएगा। भदभदा पर यहां पोकलेन मशीनों की सहायता से गाद और मिट्टी निकाली जाएगी। इस मिट्टी को नगर निगम के पार्कों और सड़क के सेंट्रल वर्ज सहित अन्य स्थानों पर किए पौधरोपण में उपयोग किया जाएगा।
मौका मुआयना कर तैयार किया प्लान
भदभदा पर पोकलेन मशीनों की सहायता से सोमवार से गाद और मिट्टी निकालने का काम होगा।
तालाब में बनी झुग्गियां हटेंगी
श्रमदान के साथ ही तालाब के भीतर बनी झुग्गियों और अन्य अतिक्रमणों को भी हटाया जाएगा। भदभदा क्षेत्र में लगातार झुग्गियां बढ़ती जा रही हैं। इनमें से कुछ झुग्गियों के एफटीएल के भीतर होने की बात भी सामने आई है। महापौर ने कहा कि झुग्गीवासियों का सर्वे कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल किया जाएगा।
सामाजिक संगठनों को जोड़ेंगे
महापौर आलोक शर्मा ने कहा कि तालाब के गहरीकरण के इस अभियान से सामाजिक संगठनों और व्यापारी संगठनों को शामिल किया जाएगा। शहर के सभी जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद, रहवासी संघ आदि को अभियान में शामिल किया जाएगा।
जमीन को लेकर अपने-अपने दावे
जहां तालाब में मिट्टी डाली गई, वह जमीन वक्फ की : सीईओ
बड़े तालाब में भदभदा घाट के नजदीक तालाब के जिस हिस्से में मिट्टी डाली गई है, वह वक्फ बोर्ड की है। बोर्ड ने यह जमीन उपयोग के आधार पर 14 मई 2001 को रजिस्टर की है। रजिस्ट्रेशन से पहले जमीन के मालिकाना हक को लेकर जरूरी कागजी कार्रवाई भी की गई थी। यह जानकारी मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड सीईओ डॉ. यूनुस खान ने जिला प्रशासन को तालाब की बेशकीमती जमीन पर अवैध तरीके से मिट्टी डालने का मामला सामने आने के बाद बंद लिफाफे में दस्तावेजों के साथ भेजी रिपोर्ट में कही है। वहीं जिला प्रशासन के अफसरों ने सरकारी रिकाॅर्ड में खसरा नंबर 130 पर वक्फ बोर्ड की जमीन दर्ज होने के दावे को खारिज किया है। डॉ. युनूस खान ने बताया कि बड़े तालाब के भदभदा घाट के नजदीक स्थित मस्जिद के पीछे कब्रिस्तान है। मस्जिद और कब्रिस्तान वक्फ के रिकाॅर्ड में खसरा नंबर 130 पर है। इसका कुल रकबा 1.44 एकड़ है। मस्जिद का रजिस्ट्रेशन वक्फ में 1961 में हुआ था।
सरकारी रिकाॅर्ड में खसरा नंबर 130 पर पीडब्ल्यूडी की जमीन : एसडीएम
दस्तावेजों की जांच कर होगा तालाब का सीमांकन
एसडीएम टीटी नगर संजय श्रीवास्तव ने बताया कि भदभदा घाट के नजदीक सरकारी रिकाॅर्ड में खसरा नंबर 130 पीडब्ल्यूडी के नाम से दर्ज है। वक्फ ने इस खसरा नंबर पर कब्रिस्तान दर्ज करने के बाद जिला प्रशासन को कोई जानकारी नहीं दी। वक्फ बोर्ड से रिकाॅर्ड मांगा है। वक्फ ने प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन के बाद अगर कोई जानकारी भेजी होती, तो निश्चित ही वह दस्तावेज अब तक जांच में सामने आ चुका होता। दस्तावेजों की जांच कर तालाब का सीमांकन किया जाएगा।