रिटायर्ड इंजीनियर से नौकरी दिलाने के नाम पर 1.28 लाख ठगे
भोपाल| आईओसी के एक रिटायर्ड इंजीनियर से जालसाज ने नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख 38 हजार रुपए ठग लिए। आरोपी ने उन्हें एक कंपनी में जीएम बनाने का झांसा दिया था। अरेरा कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय अतुल जैन आईओसी से रिटायर्ड इंजीनियर हैं। एएसपी क्राइम ब्रांच रश्मि मिश्रा के अनुसार नवंबर 2017 में उन्हें एक अनजान नंबर से फोन आया था। आरोपी ने खुद को नौकरी दिलाने वाली कंपनी का कर्मचारी बताते हुए नाम राजेश सक्सेना बताया था। उसने कहा कि भोपाल में एक नई कंपनी खुलने वाली है। वह उन्हें उसका जीएम बनवा देंगे। बातों में आकर अतुल ने उसके कहने पर अलग-अलग खातों में एक लाख 38 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रुपए जमा करने के बाद आरोपी के फोन बंद हो गए। इसके बाद परेशान होकर उन्होंने क्राइम ब्रांच में इसकी लिखित शिकायत की। एएसपी मिश्रा के अनुसार आरोपी की लोकेशन एक जगह नहीं आ रही है।