पार्षद ने निगम कर्मचारी से मांगे एक लाख रुपए
वार्ड 32 के भाजपा पार्षद जगदीश यादव एक बार फिर विवादों में हैं। नगर निगम कर्मचारी शिवनारायण शर्मा ने मीडिया को एक ऑडियो भेजा है, जिसमें यादव कर्मचारी शर्मा से एक लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। शर्मा ने जब कहा कि मेरे पास एक लाख रुपए नहीं हैं तो पार्षद ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि ‘मुझे कुछ नहीं पता, एक लाख रुपए चाहिए। यही नहीं शर्मा ने जब फोन पर ऐसी बात नहीं करने की सलाह दी तो यादव ने कहा कि ‘मैं किसी से नहीं डरता।’शर्मा ने मीडिया से कहा कि पार्षद उन्हें पिछले तीन साल से परेशान कर रहे हैं। उधर, यादव ने दैनिक भास्कर से कहा कि ऑडियो नौ दुर्गा की झांकी के समय का है। वह हमारी समिति में था और चंदे की रकम लेकर भाग गया था। अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर उन्होंने शर्मा का तबादला करा दिया। इससे नाराज होकर वह अनर्गल आरोप लगा रहा है।