- Hindi News
- National
- बाबा साहेब के बहाने भाजपा कांग्रेस ने अपने राग में दोहराया बसपा का वही पुराना नारा
बाबा साहेब के बहाने भाजपा-कांग्रेस ने अपने राग में दोहराया बसपा का वही पुराना नारा
आंबेडकर जयंती पर भोपाल में जमकर राजनीति हुई। बोर्ड ऑफिस चौराहे पर लगी आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के लिए भाजपाई पहुंचे और नारा लगाया कि ‘बाबा तेरा मिशन अधूरा, नरेंद्र मोदी करेंगे पूरा’। भाजपाई सुबह 11 बजे पहुंचे और इसके ठीक एक घंटे बाद कांग्रेस के लोग भी प्रतिमा पर फूल चढ़ाने आ गए। उन्होंने भी नारा दोहराया, लेकिन राहुल गांधी का नाम लिया। मूल नारा बसपा के उभार के दिनों का है- बाबा तेरा मिशन अधूरा, कांशीराम करेंगे पूरा।
नारेबाजी के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि 70 साल से कांग्रेस आंबेडकर का इस्तेमाल कर रही है, जबकि सम्मान भाजपा ने दिया। भारत र| देकर उनका स्मारक भी बनवाया। कांग्रेस प्रदेश महासचिव पीसी शर्मा ने कहा कि भाजपा ने आंबेडकर का नाम लेकर सिर्फ धोखा दिया। भाजपा और कांग्रेस से पहले शुक्रवार से ही बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बसपा के लोगों ने कार्यक्रम शुरू कर दिए थे। इधर, आंबेडकर जयंती पर भाजपा ने उत्तरप्रदेश से सटे इलाकों के हर मंडल में जयंती को लेकर आयोजन किया। खासतौर पर चंबल संभाग और रीवा संभाग में आयोजन किए गए।
अध्यक्ष बदलने पर नंदकुमार
बोले- पार्टी लेगी फैसला
भाजपा में प्रदेश नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच नंदकुमार सिंह चौहान से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कर दिया कि उनके बारे में जो भी फैसला होगा, वह पार्टी लेगी। चौहान मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने बाबाओं को राज्यमंत्री का दर्जा दिए जाने के मामले पर भी कहा कि मप्र का इतिहास देखें। पहले भी बाबाओं को मंत्री का दर्जा दिया गया। पहली बार ऐसा नहीं है। जहां तक नर्मदा को लेकर लगाए गए आरोपों का मसला है तो बाबाओं के कहने के बाद, मुख्यमंत्री ने उसकी जांच का जिम्मा उन्हें ही सौंप दिया।
कांग्रेसियों ने निकाली रैली
आदर्शों के स्मरण में गीत, नृत्य और रैली
आंबेडकर मैदान से बोर्ड आॅफिस चौराहे तक एक संदेश रैली निकाली गई। यहां आयोजित कार्यक्रम में डॉ. आंबेडकर म्युजिकल एक्टिव सोशल सोसायटी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। बाबा साहेब के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका भी हुई। समारोह समिति के अजय नारनवारे ने बताया कि प्रिंस म्युजिकल ग्रुप आर्केस्ट्रा ने गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों को डॉ. आंबेडकर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इधर, करुणा बुद्ध विहार में दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया ने जयंती मनाई। सोसायटी महासचिव अशोक पाटिल ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब किसी एक वर्ग के नेता नहीं थे। बौद्ध समाज शिक्षा जनकल्याण समिति द्वार चल समारोह निकाला गया।
शहर में यहां भी हुए कार्यक्रम
अखिल भारत हिंदू महासभा ने आंबेडकर जयंती पर दुर्गा मंदिर साकेत नगर से शोभायात्रा निकाली।
संस्कार वेलफेयर सोसायटी ने सुदर्शन समाज के मेधावी विद्यार्थियों, शिक्षा, संगीत और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों समाज की 100 से अधिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया ।
जिला अभिभाषक संघ ने अभिभाषक संघ सभागार में मुख्यातिथि प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायधीश एसीसी उपाध्याय व बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेश व्यास ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया।
सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने बुद्ध विहार, कैलाश नगर, रूपनगर गोविंदपुरा, ओल्ड सुभाष नगर, अन्नानगर पहुंचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
भाजपा अजजा मोर्चा ने भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह के नेतृत्व में उड़िया बस्ती में डॉ. आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा।
अभा धानक संगठन ने जयंती पर मांग की है कि समाज को महादलित घोषित किया जाए। वहीं दलितों के लिए घोषित 16% आरक्षण में से 10% अलग से दिया जाए।
बाबा साहेब के जन्मोत्सव पर कांग्रेस नेता आरिफ मसूद के नेतृत्व में साईंबाबा नगर से एमपी नगर तक जुलूस निकाला।
अजाक्स की निर्मला पाटिल, अशोक बैन समेत कई पदाधिकारियों ने प्रांतीय दफ्तर से बोर्ड ऑिफस पहुंचकर माल्यार्पण किया।