अक्षय मुहूर्त में आज डेढ़ हजार से ज्यादा विवाह
श्यामला हिल्स स्थित टैगोर छात्रावास परिसर में राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के संरक्षण में 52 कन्याओं के विवाह कराए जाएंगे। इसके पूर्व सुबह गांधी भवन श्यामला हिल्स से सभी दूल्हों की बारात निकाली जाएगी, जो विवाह स्थल पहुंचेगी। नितिन परिहार व शैलेंद्र निगम ने बताया कि हल्दी, मेहंदी व महिला संगीत के कार्यक्रम तृतीया की पूर्व बेला में संपन्न कराए गए। नयापुरा पहाड़ी वाले मंदिर परिसर में 141 जोड़ों के विवाह कराए जाएंगे।
पाल समाज : दूल्हे ऊंटों पर और बेटियां रथ में होंगी सवार
अभा पाल महासभा के बैनर तले तृतीया पर दशहरा मैदान बिट्टन मार्केट में सामूहिक विवाह सम्मेलन होगा। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतानसिंह पाल के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत सम्मेलन आयोजित किया गया है। इसमें पाल समाज के 75 जोड़ों का एक साथ परिणय संस्कार कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे। इसके पूर्व शाम 5 बजे शैतान सिंह चौराहे से बारात निकाली जाएगाी, जो शाहपुरा होते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचेंगी। बारात में दूल्हे ऊंटों पर सवार होंगे, जबकि बेटियां रथ में सवार रहेंगी।
दशहरा मैदान रतन कॉलोनी करोंद में 401 जोड़ों के विवाह
त्रिदेवी मां वैष्णों देवी कल्याण दरबार समिति के प्रदेश अध्यक्ष विनोद पलया ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत तृतीया पर दशहरा मैदान रतन कॉलोनी करोंद में 401 जोड़ों के विवाह होंगे। इसमें सभी दूल्हों की सामूहिक बारात निकाली जाएगी। इस मौके पर सभी जोड़ों को पर्यावरण सुरक्षा के लिए पौधे लगाने, बेटियों की सुरक्षा करने व पानी बचाने का संकल्प कराया जाएगा। समारोह में विधुर, दिव्यांग व अंतरजातीय वर-वधु भी शामिल रहेंगे। सभी जोड़ों का जीवन बीमा भी कराया जाएगा।
सुबह से शाम तक कई बार जाम लगने की संभावना
कई स्थानों पर विवाह समारोह व सामूहिक बारातें निकलने से प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन सकती है। विभिन्न स्थानों से दूल्हों की सामूहिक बारातें निकाली जाएंगी। इससे शाहपुरा चौराहा, बिट्टन मार्केट, न्यू मार्केट, काली मंदिर से भारत टॉकीज, हबीबगंज नाका से रतनपुर मार्ग, लालघाटी से हलालपुरा, डीआईजी बंगला से करोंद मार्ग आदि पर सुबह 11 से रात 8 बजे तक जाम लगने की संभावना है।
सामूहिक चित्रांश विवाह समारोह के साथ होगा परिचय सम्मेलन
चित्रांश जल कल्याण समिति द्वारा तृतीया पर सामूहिक चित्रांश विवाह समारोह आयोजित किया गया है। सचिव सुरेश सकसेना ने बताया कि इसमें कई जोड़ों के विवाह कराए जाएंगे। युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी होगा। इसी तरह यादगार शाहजहांनी पार्क में 51 जोड़ों के विवाह कराए जाएंगे। इसमें यादव व अन्य समाजों के जोड़े शामिल रहेंगे। इसी तरह ब्राह्मण, मालवीय, खटीक व माली समाज के विवाह सम्मेलन भी होंगे। इधर, महिला सशक्तिकरण ने पूरे जिले को सात जोन में बांटा है। इसके लिए सात टीमें बाल विवाह पर नजर रखेंगी। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने इलाके में नजर रखने के निर्देश जारी किए हैं।
नहीं हो पाई सामान की खरीदी
इस बार उपहार नहीं, जोडो़ं को दिया जाएगा 25 हजार का चेक
भोपाल| मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत अक्षय तृतीया पर आयोजित विवाह सम्मेलनों में शामिल जोड़ों को पहली बार उपहार में दिया जाने वाला सामान नहीं मिल पाएगा। इसके स्थान पर जोड़ों को 25 हजार रुपए के चेक दिए जाएंगे। इसके पीछे की वजह सामाजिक न्याय विभाग और नगर निगम के बीच तालमेल की कमी का होना है। दरअसल, पिछले साल सामूहिक विवाह सम्मेलन में खोटी चांदी सप्लाई होने की बात सामने आई थी। इसके बाद सरकार ने सामान की जांच करने के आदेश जारी किए गए थे। कुछ दिन पहले सामाजिक न्याय विभाग ने सामूहिक विवाह सम्मेलन में सप्लाई होने वाली चांदी, बर्तन और कपड़ों के लिए टेंडर किए थे। इसमें सीहोर की मेसर्स ममता बर्तन भंडार को बर्तन, मुरैना की मेसर्स वैष्णो ट्रेडर्स और इंदौर की मेसर्स डीएन कॉरपोरेशन को साड़ी, चुनरी, सलवार सूट का टेंडर दिया गया है। इसके अलावा पायल, मंगलसूत्र और बिछिया वितरण के लिए इंदौर की मेसर्स डीएन कारपोरेशन को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन नगर निगम और सामाजिक न्याय विभाग के अफसरों के बीच तालमेल की कमी के चलते सामान की खरीदी ही नहीं हो पाई। सामाजिक न्याय विभाग ज्वाइंट डायरेक्टर मनोज तिवारी का कहना है कि नगर निगम ने सामान की खरीदी नहीं की है, इसलिए 25 हजार रुपए का चेक देने की बात हुई है। इधर, नगर निगम के सहायक आयुक्त सीबी मिश्रा का कहना है सामान की खरीदी करना निगम का काम नहीं है। सामाजिक न्याय विभाग का काम है। हमारा काम सिर्फ व्यवस्था बनाना है। नगर निगम आयुक्त प्रियंका दास का कहना है कि ऐसी सूचना मिली है कि सामूहिक विवाह सम्मेलन में किसी प्रकार का कोई रजिस्ट्रेशन चार्ज नहीं लिया जा रहा है। यदि ऐसा कोई कर रहा है तो उसकी शिकायत नगर निगम के अफसरों की कर सकते हैं। उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।