बढ़ा हुआ किराया लागू करवाने अड़े बस ऑपरेटर
भोपाल| यात्री बसों का किराया बढ़ाने पर बस ऑपरेटर अड़ गए हैं। उनका कहना है कि किराया बोर्ड की अनुशंसा के बाद भी किराए में बढ़ोतरी न किया जाना, उनके साथ अन्याय है। यदि जल्द बढ़ा हुआ किराया लागू नहीं किया गया तो वे प्रदेश भर में बसों का संचालन बंद कर देंगे। बोर्ड ने किराए में करीब 25 फीसदी बढ़ोतरी की अनुशंसा एक पखवाड़े पहले राज्य सरकार से की है। इसके बाद से लेकर अब तक इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जा सका है। मंगलवार को बसों के किराए में बढ़ोतरी न होने का मामला परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह तक पहुंच गया। मप्र बस ऑनर्स एसोसिएशन ने उन्हें ज्ञापन देकर किराया बढ़ोतरी को जल्द से जल्द लागू करने की मांग की है।