कमजोर होता सिस्टम फिर सक्रिय दोपहर में कई इलाकों में बारिश
मौसम रिपोर्टर | भोपाल
शहर में शनिवार को फिर बूंदाबांदी और बारिश हुई। दोपहर तीन बजे के बाद अचानक मौसम बदल गया। नए व पुराने शहर के कई इलाकों में बारिश होने लगी। इसके बावजूद दिन का तापमान कम होने के बजाय बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि रविवार को भी गरज- चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। दिन का तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 0.4 डिग्री का इजाफा हुआ। सुबह से शहर में तेज धूप चटक रही थी। दोपहर तीन बजे तक गर्मी से लोग बेहाल थे। इसके बाद घने बादल छा गए और बारिश होने लगी।
नए शहर में एमपी नगर, अरेरा हिल्स, अरेरा कॉलोनी, चार इमली, शिवाजी नगर, शाहपुरा, आईएसबीटी से मिसरोद व होशंगाबाद रोड तक बारिश हुई। पुराने शहर में जिंसी, सुभाष नगर, गोविंद गार्डन, अशोका गार्डन, शाहजहांनाबाद, कोहेफिजा से लालघाटी व बैरागढ़ तक कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश हुई। उधर, भेल टाउनशिप, अयोध्या बाइपास, कोलार के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
शाम को 3 डिग्री लुढ़का तापमान
शनिवार को बारिश होने से शाम का तापमान 3 डिग्री लुढ़क गया। शुक्रवार शाम 6.30 बजे तापमान 35.0 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार शाम 6.30 बजे यह 32.0 डिग्री दर्ज किया गया। बारिश के बावजूद शहर में रात का तापमान कम नहीं हुआ। शनिवार को यह 25.8 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा।
बारिश की वजह : वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला ने बताया कि दक्षिणी पश्चिमी मप्र में बने चक्रवात के कमजोर होने की संभावना थी। यह फिर सक्रिय हो गया। इसके अलावा दक्षिणी पश्चिमी मप्र से कर्नाटक तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन दोनों की वजह से मौसम ऐसा हुआ।