रमजान का आगाज, पहला रोजा आज
माह-ए-रमजान का चांद दिखने की तस्दीक बुधवार रात करीब दस बजे रुअत-ए-हिलाल कमेटी ने गुरुवार को पहला रोजा रखे जाने का ऐलान किया। कमेटी ने बताया कि शहर काजी सै. मुश्ताक अली नदवी ने दिल्ली में जामा मज्जिद के प्रमुख इमाम बुखारी व तमिलनाडु आदि शहरों में संपर्क कर चांद दिखने की तस्दीक कर ली है। उनकी अनुमति मिलते ही रात में तत्काल गोले छोड़ने के साथ ही मस्जिदों से तरावीह शुरू करने का ऐेलान कर दिया गया। पहले रोजे का आगाज गुरुवार से होगा। शहर में शाम से ही मुस्लिम धर्मवलंबियों के बीच चांद दिखा या नहीं इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। देर रात जैसे ही लोगों को चांद दिखने की इत्तिला मिली, लोगों के चेहरों पर खुशी छा गई। बहुत से लोग तरावीह के लिए मस्जिदों में पहुंचने लगे तो अनेक लोगों ने बाजार की ओर रूख किया।
चांद दिखने की खबर मिलते ही खुशी की लहर
मसाजिद कमेटी के सचिव यासिर अराफात ने पुष्टि कर दी है कि दिल्ली, लखनऊ व कई अन्य शहरों में चांद दिखने की जानकारी मिल चुकी है। इसलिए पहला रोजा अब गुरुवार से शुरू होगा। मस्जिदों से रमजान के आगाज व तरावीह शुरू करने का ऐलान भी करा दिया गया है। बुधवार शाम रूअते हिलाल कमेटी के सदस्य शहर काजी सै. नदवी आदि की मौजूदगी में चांद देखने के लिए मोती मस्जिद स्थित बगिया में इकट्ठा हुए थे। जैसे ही चांद दिखने का ऐलान हुआ लोग तरावीह के इंतजाम में जुट गए थे, वहीं बाजारों में भी जरूरी सामगऱ्ी की खरीद-फरोख्त करने भीड़ बढ़ गई थी।

अफ्तार 17 मई
शाम 7.01 बजे
सेहरी 18 मई
सुबह 3.49 बजे