पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • वाॅट्सएप, ई मेल और डाक से घर तक पहुंचेगा चालान

वाॅट्सएप, ई-मेल और डाक से घर तक पहुंचेगा चालान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजधानी में मई के पहले सप्ताह से इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) सिस्टम लागू करने की तैयारी हो गई है। इसके बाद ट्रैफिक सिग्नल पर जेब्रा क्रासिंग से पहले सफेद रंग की स्टाप लाइन पर तक वाहन खड़े करने पर चालान बन जाएगा। चार बार चालान बनने के बाद लाइसेंस रद्द कर दिए जाएगा। यह निर्णय मंगलवार को आईजी ऑफिस में हुई बैठक में लिया गया। भोपाल आईजी जयदीप प्रसाद ने बताया कि आईटीएमएस के माध्यम से लगातार ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ई-चालान वाॅट्सएप, ई-मेल और डाक के माध्यम से घर भेजा जाएगा। वहीं तो चालान राशि भी ऑनलाइन से लेकर थाने में जाकर भरी जा सकेगी।

रेड कार्ड जारी होते ही रद्द होगा लाइसेंस : आईटीएमएस के तहत पहली बार चालान बनने पर वाहन चालक को चेतावनी दी जाएगी। दोबारा पकड़े जाने पर उसे यलो कार्ड, फिर ओरेंज और चौथी बार नियम तोड़ते पकड़े जाने पर रेड कार्ड जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही वाहन चालक का लाइसेंस रद्द होगा।

1 मई से ट्रायल रन व 8 मई को औपचारिक उद् घाटन

14 चौराहों और 7 सड़कों पर कैमरे लगाने का काम पूरा

पहले चरण में यहां लगे हैं कैमरे: आईटीएमएस के पहले चरण में बोर्ड ऑफिस चौराहा, रोशनपुरा चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, बाग सेवनिया थाने के पास, गणेश मंदिर होशंगाबाद रोड, वीआईपी रोड, एयरपोर्ट रोड और नई जेल रोड सहित 14 चौराहों और 7सड़कों पर कैमरे लगाने का काम लगभग पूरा हो गया है।

90 दिन में देना होगा जवाब

इंस्पेक्टर आरटीओ प्रमोद कापसे के अनुसार नियमानुसार आदतन ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले का लाइसेंस सस्पेंड करने का प्रावधान मोटर व्हीकल एक्ट में पहले से ही है। वाहन चालक को 90 दिन के अंदर अपना जवाब देना होता है। यह सस्पेंड 6 महीने तक का होता है। जवाब नहीं देने पर उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाता है। इसके बाद वह पहली अपील ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को कर सकता है। वहां से भी रद्द होने पर वह न्यायालय में अपील कर सकता है। उसके बाद न्यायालय के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाती है।

अभी इस तरह नजर रखी जाती है ट्रैफिक पर नजर

पुलिस कंट्रोल रूम के पास सीसीटीएनएस कंट्रोल रूम...यहां एक ही समय में चौराहे के चारों छोर पर लाइव ट्रैफिक देख सकते हैं।

वाहन चालक और गाड़ी के नंबर एक साथ होंगे डिटेक्ट : आईटीएमएस को इस तरह डिजाइन किया गया है कि वाहन चालक कैमरे को धोखा नहीं दे पाएंगे। सिर पर कपड़ा बांधकर, टोपी लगाकर, बिना आईएसआई मार्क का हेलमेट पहनकर, आधे सिर पर हेलमेट लगाकर, हेलमेट को हाथ या गाड़ी पर टांग कर गाड़ी चलाने वालों को भी कैमरा पकड़ लेगा। आईटीएमएस के लागू होने पर कैमरों की फीडिंग के आधार पर सिस्टम ऑटोमेटिक चालान जनरेट करेगा। हाई रिजोल्यूशन वाले कैमरों और सॉफ्टवेयर की मदद से वाहन चालक और गाड़ी की नंबर प्लेट को एक साथ डिटेक्ट किया जा सकेगा।

अभी यह समस्या... ट्रैफिक पुलिस भोपाल वर्ष 2010 से ई चालान काट रही है, लेकिन कैमरों की क्वालिटी ठीक नहीं होने के कारण यह प्रभावी नहीं हो पाया। दूसरा इसमें डाक के द्वारा चालान भेजने के कारण भी कई तरह की समस्याएं आती रही।

खबरें और भी हैं...