रेलवे... भोपाल-लखनऊ के बीच चलेंगी 20 ट्रिप में स्पेशल ट्रेनें
भोपाल|रेलवे ने लंबी वेटिंग को देखते हुए भोपाल से लखनऊ के बीच 20 ट्रिप में स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। 01683 भोपाल-लखनऊ जंक्शन स्पेशल 26 अप्रैल से 28 जून तक प्रति गुरुवार चलाई जाएगी। यह गाड़ी भोपाल स्टेशन से सुबह 10 बजे चलकर उसी रात 8.40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। 01684 लखनऊ-भोपाल जंक्शन स्पेशल का संचालन 27 अप्रैल से 29 जून तक प्रति शुक्रवार होगा। यह गाड़ी शुक्रवार देर रात 12.10 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11.30 बजे भोपाल पहुंचेगी।
बीयू...बीपीई व बीपीईएस परीक्षा 24 अप्रैल से, टाइम टेबल घोषित
भोपाल|बरकतउल्ला विश्वविद्यालय ने बीपीई थर्ड ईयर के पूरक प्राप्त व स्पेशल छात्रों के साथ बीपीईएस प्रथम वर्ष, बीपीई प्रथम वर्ष के पूर्व व पूरक प्राप्त छात्रों और बीपीई के सेकंड ईयर के छात्रों की परीक्षा टाइम टेबल घोषित कर दिया है। परीक्षा 24 अप्रैल से शुरू होगी। समय दोपहर दो से शाम पांच बजे रहेगा। छात्र परीक्षा का टाइम टेबल विवि के पोर्टल www.bubhopal.ac.in से डाउनलोड कर सकते हैं।
कंट्रोल रूम... बाल विवाह की सूचना देने 2530110 पर कर सकते हैं कॉल
भोपाल|अक्षय तृतीया के अवसर पर बाल विवाह रोकने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत जिला महिला सशक्तीकरण कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का फोन नंबर 0755-2530110 और 2731184 पर जागरूक नागरिक फोन कर सकते हैं। इसके अलावा लोग चाइल्ड लाइन हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी सूचना है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
आरजीपीवी...परीक्षा सारणी में त्रुटि होने पर 24 तक दर्ज कराएं आपत्ति
भोपाल| आरजीपीवी से संबद्ध पॉलिटेक्निक कॉलेजों की परीक्षा 8 मई से शुरू हाेने वाली हैं। इसकी परीक्षा सारणी जारी कर दी गई है। परीक्षा सारणी में कोई विषय छूट गया हो, विषय कोड गलत हो, प्रश्नपत्र कोड आदि में गलती भी दिखती है तो 24 अप्रैल तक इसकी सूचना विश्वविद्यालय को भेज सकते हैं।