जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में लिया फैसला
सिटी रिपोर्टर | भोपाल
शहर में बावड़ियाकलां एरिया में दो हजार से ज्यादा फ्लैट रेडी टू पजेशन हैं, लेकिन रियल एस्टेट सेक्टर में चल रही मंदी के चलते लंबे समय से इन्हें खरीदार नहीं मिल रहे हैं। प्रॉपर्टी की कीमतें आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रहीं हैं, लेकिन पंजीयन विभाग के अफसर फ्लैट्स के रेट बढ़ाने पर अड़े हैं। यहां पर करीब 10 से ज्यादा ऐसे प्रोजेक्ट हैं। जहां पर सड़क के दोनों ओर फ्लैट के रेट में बढ़ोतरी किया जाना प्रस्तावित किया गया है। लगातार दूसरे साल भी फ्लैट्स के दाम में 15 फीसदी रेट बढ़ाया जाना प्रस्तावित किया गया है। यानी लोगों के लिए फ्लैट खरीदना महंगा करने की तैयारी है। वर्तमान में यहां 19 हजार 200 रुपए प्रति वर्गमीटर का रेट है, जबकि इसे बढ़ाकर 22 हजार रुपए वर्गमीटर करना प्रस्तावित किया गया है। इसके पीछे अफसरों का तर्क दे रहे है कि बावड़िया कला मुख्य मार्ग से हटकर और बावड़िया कला की अन्य कॉलोनियों में फ्लैट के रेट एक समान करने किया जाना है। इसलिए यह फैसला लिया गया है। अभी तक यहां पर जो कॉलोनियां पहले से बनी हुई हैं। उनके फ्लैट के दाम 22 हजार रुपए वर्गमीटर तय हैं। जबकि अन्य कॉलोनियों में कम हैं। जो फ्लैट पहले 19 हजार 200 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से खरीदने पर 10 लाख रुपए का पड़ता था। 22 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर की हिसाब की दर से 11 लाख 45 हजार रुपए का पड़ेगा। अफसरों का यह भी तर्क है कि सिर्फ विसंगति को दूर किया जा रहा है। ताकि दोनों रेट में कोई फर्क न रहे। यह बढ़ोतरी उस वक्त प्रस्तावित की गई है जबकि लगातार रजिस्ट्री की संख्या में कमी आ रही है। गोंदरमऊ या गोंदरमऊ सड़क से हटकर अलग-अलग रेट खुले हैं।