भोपाल| आचार्यश्री विद्यासागर महाराज के 50वें संयम स्वर्ण दीक्षा दिवस के अवसर पर राजा भोज सेतु के पास नगर निगम द्वारा स्थापित किए जाने वाले संयम कीर्ति स्तंभ के लिए रविवार को सुबह 7 बजे भूमिपूजन होगा। महापौर आलोक शर्मा ने बताया कि समाज के अध्यक्ष प्रमोद हिमांशु व अन्य वरिष्ठ लोगों से चर्चा के बाद स्तंभ का स्वरूप तय कर लिया है। इसे मकराना मार्बल से बनाए जाने की योजना है। इस पर आचार्यश्री के त्याग व तप से जुड़े प्रसंग व उनके संदेश अंकित रहेंगे। इसी स्थान पर आचार्यश्री के नाम से उपवन भी बनाया जाएगा। प्रवक्ता संजय जैन मुगावली ने बताया कि मुनिश्री भूतबली सागर महाराज के सानिध्य व ब्रह्मचारी विनय भैया के निर्देशन में भूमिपूजन समारोह होगा। इसमें महापौर शर्मा, सांसद आलोक संजर, विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह, नगर निगम परिषद अध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान व पार्षद कृष्ण मोहन सोनी शामिल रहेंगे।