पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सत्ता संगठन में भागीदारी के लिए समाजों ने अपनाई शक्ति प्रदर्शन की रणनीति

सत्ता-संगठन में भागीदारी के लिए समाजों ने अपनाई शक्ति प्रदर्शन की रणनीति

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यादव, माझी, स्वर्णकार समेत कई सामाजिक संगठनों ने सत्ता व संगठन से लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए सम्मेलनों के जरिए संगठन शक्ति का परिचय देना शुरू कर दिया है। ब्राह्म‌ण समाज के कई संगठनों द्वारा जातिगत आधार पर आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर किए जाने वाले प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। शनिवार को प्रगतिशील ब्राह्म‌ण संस्था जातिगत आरक्षण के खिलाफ शीतलदास की बगिया घाट पर जल सत्याग्रह करेगी। दूसरी ओर रविवार को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा टीटी नगर दशहरा मैदान पर यादव महाकुंभ आयोजित करने जा रही है। इसमें सभी प्रमुख दलों से समाज के लोगों को विभिन्न पदों पर प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई जाएगी। इधर, मप्र माझी जनजाति संयुक्त संघर्ष समिति उपजातियां धीवर, कहार, भोई, मल्लाह, केवट, निषाद आदि को जनजाति में शामिल कराने के लिए एक जून से यादगार शाहजहांनी पार्क में धरना देगी। मप्र स्वर्णकार समाज सम्मेलन के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेगा।

ब्राह्मण समाज : शीतलदास की बगिया घाट पर सांकेतिक जल सत्याग्रह आज

प्रगतिशील ब्राह्मण समाज संगठन व सवर्ण समाज के कई अन्य संगठनों द्वारा जातिगत आरक्षण के विरोध में कमला पार्क स्थित शीतलदास की बगिया घाट पर शनिवार सुबह 9 बजे जल सत्याग्रह किया जाएगा। संस्था के महासचिव पं. चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि सत्याग्रह के दौरान प्रदर्शनकारी तालाब में खड़े होकर आरक्षण के खिलाफ नारेबाजी करेंगे। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शन सांकेतिक रहेगा। संस्था की मांग है कि आरक्षण आर्थिक आधार पर हो। प्रदर्शन में बड़ी संख्याा में समाज के लोग शामिल होंगे। मांग नहीं मानी गई तो आगामी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे।

यादव समाज : शक्ति प्रदर्शन कल

अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा द्वारा रविवार को टीटी नगर दशहरा मैदान में यादव महाकुंभ आयोजित किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष जगदीश यादव ने बताया कि इस महाकुंभ के जरिए महासभा सभी राजनीतिक दलों से समाज के लोगों की विभिन्न पदों पर भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाएगाी। आगामी विधानसभा चुनाव में यादव समाज के लोगों को ज्यादा से ज्यादा प्रतिनिधित्व मिले इसके लिए भी सभी राजनीतिक दलों से आह्वान किया जाएगा। यादव का कहना है कि मप्र के 51 जिलों से बड़ी संख्या में समाज के लोग इस महाकुंभ में शामिल होंगे। इस मौके पर समाज के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में समाज की भूमिका कैसी हो, इस बारे में भी रणनीति बनाने पर विचार विमर्श किया जाएगा।

स्वर्णकार समाज : राजनीतिक भागीदारी के लिए पांच टिकट की मांग करेगा

मप्र स्वर्णकार समाज द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव में समाज द्वारा राजनीति में समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए पांच टिकट की मांग राजनीतिक दलों से की जाएगी। साथ ही चुनाव मेंं समाज की भूमिका तय करने आगामी दिनों में बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी। समाज के प्रदेशाध्यक्ष राजेश वर्मा सोनी ने बताया कि आगामी समाज का महासम्मेलन 8 जुलाई को भोपाल में किया जाएगा। इसके पहले प्रदेश के प्रत्येक संभाग मे बैठक आयोजित कर जन जागरण किया जाएगा।

माझी समाज : धरना देंगे, निकालेंगे रैली

मप्र माझी जनजाति संयुक्त संघर्ष समिति ने अपनी उपजातियां धीवर, कहार, भोई, मल्लाह, केवट, निषाद आदि को जनजाति में शामिल कराने की मांग की है। इस मांग को लेकर समिति के बैनर तले एक जून को सुबह 10 बजे यादगार शाहजहांनी पार्क में तीन दिवसीय धरना दिया जाएगा। मोर्चे के प्रदेशाध्यक्ष केशव माझी ने बताया कि धरना रोज शाम को 5 बजे तक चलेगा। संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी भूख हडताल पर बैठेंगे। हड़ताल के तीसरे दिन माझी समुदाय और उपजातियों के लोग बडी संख्या में धरना स्थल पर एकत्रित होकर मुख्यमंत्री निवास तक रैली निकालेंगे। मुख्यमंत्री को उपजातियों को जनजाति में शामिल कराने की अनुशंसा केन्द्र सरकार को भेजने के लिए ज्ञापन दिया जाएगा।

खबरें और भी हैं...