विदिशा का गोदाम फुल, अब आष्टा भेजेंगे सरकारी गेहूं
20 मई तक होने वाली गेहूं खरीदी को 18 मई को ही बंद कर दिया गया है। अफसरों का तर्क है कि शनिवार और रविवार को गेहूं ट्रांसपोर्टेशन का काम किया जाता है। इधर विदिशा और नूरगंज के गोदाम फुल होने के बाद गेहूं रखने का फिर संकट खड़ा हो गया है। वर्तमान में करीब 96 हजार क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा है। राजधानी के 52 खरीदी केंद्रों में इस बार करीब 21 लाख 80 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई है। इस गेहूं को सरकारी और प्राइवेट गोदामों में रखा गया है। जिले के गोदाम फुल होने के बाद विदिशा और रायसेन स्थित नूरगंज में गेहूं भेजा गया, जहां भी गोदाम फुल हो गए हैं। अब खरीदी केंद्रों पर खुले में पड़े करीब 96 हजार क्विंटल गेहूं को रखने के लिए सीहोर के आष्टा में गेहूं रखा जाएगा। इधर करतार गोदाम खाली होने के बाद भी इस गोदाम का अब तक अधिग्रहण नहीं किया गया है। जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति शाह नरवरिया का कहना है कि खुले में रखे गेहूं को उठाने का काम चल रहा है।