220 केवी बिजली घर के लिए 12 एकड़ जमीन देने के बावजूद भूना शहर में लोगों को बिजली पूरी नहीं मिल पा रही है। बिजली के अघोषित कटों से परेशान लोगों ने नायब तहसीलदार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन दिया है।
सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2005 में तत्कालीन ग्राम पंचायत भूना ने बिजली घर 220 केवी सिंथला के लिए 12 एकड़ जमीन दी थी। जिसकी एवज में बिजली निगम सेे 24 घंटे बिजली आपूर्ति होने का समझौता हुआ था। शहरवासियों ने बताया कि गत 4 सालों से बिजली समझौते पर खरा नहीं उतर रहा है। शहर में बिजली कट लगाए जाने लगे हैं। ज्ञापन पत्र में लोगों ने उल्लेख किया है कि भूना-1 में फैक्ट्रियां व उद्योग होने के कारण उनमें आपूर्ति नियमित तौर पर दी जा रही है, लेकिन भूना-2 में घरेलू बिजली आपूर्ति में भारी कट लगाकर आमजन को परेशान किया जा रहा है। लोगों ने बताया कि बिजली निगम के अधिकारी शहर के लोगों से भेदभाव पूर्ण नीति अपना रहे हैं और भूना-2 के लोगों को उपेक्षाओं का शिकार होना पड़ रहा है। अनाज मंडी क्षेत्र व भूना-1 की अपेक्षा भूना-2 में ही बिजली के कट लगाकर सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है। जिसके चलते संबंधित उपभोक्ताओं में गहरा रोष पाया जा रहा है।